जबलपुर नईदुनिया प्रतिनिधि। जबलपुर से रानीकमलापति के बीच चलने वाली वंदेभारत ट्रेन का समय और रूट बदल गया है। अब यह ट्रेन जबलपुर की बजाय रीवा से रानीकमलापति के लिए रवाना होगी और जबलपुर होकर जाएगी। रेलवे ने एक अहम निर्णय लेते हुए वंदेभारत ट्रेन को 10 अक्टूबर से रीवा से जबलपुर होकर रानीकमलापति के बीच चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सुबह साढ़े पांच बजे रीवा स्टेशन से रवाना होगी और सतना, मैहर, कटनी होकर जबलपुर सुबह 8.45 पर आएगी। यहां पर 10 मिनट रूकने के बाद रानीकमलापति के लिए रवाना हो जाएगा। यह ट्रेन रीवा से जबलपुर का सफर सवा तीन घंटे में तय करेगी। अभी तक इस रूट पर चलने वाली ट्रेनें 4 से 6 घंटे में यह सफर तय करती हैं।
रेलवे ने वंदेभारत का नया शेड्यूल जारी कर दिया है। यह ट्रेन जबलपुर से पौने नौ बजे रवाना होगी और डेढ़ बजे रानीकमलापति पहुंचे। यहां पर दो घंटे रूकने के बाद साढ़े तीन बजे वापसी करेगी। रात 8.10 पर जबलपुर पहुंचेगी और यहां पर 10 मिनट रूकने के बाद रीवा रवाना हो जाएगा। यह ट्रेन रीवा रात साढ़े 11 बजे पहुुंचेगी।
ट्रेन की गति को भी बढ़ाया जाएगा, ताकि वह कम समय में अपना सफर तय कर सके। जबलपुर से रानीकमलापति का सफर लगभग चार घंटे को होगा। दरअसल जबलपुर रेल मंडल के कमर्शियल विभाग ने कुछ समय पूर्व ट्रेन का रूट, समय और सुविधा को लेकर एक सर्वे कराया था।
इसमें से अधिकांश ने इस ट्रेन को रीवा से चलाने की मंशा जाहिर की थी। अब रेलवे ने इस पर निर्णय ले लिया है। हालांकि वंदेभारत ट्रेन के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है।