नईदुनिया, जबलपुर (Jabalpur News)। विवाह समारोह में यूनाइटेड स्टेट से जबलपुर पहुंची महिला के जेवर घर से चोरी हो गए। महिला अपने देवर की शादी में शामिल हाेने आई थी। कचनार सिटी में रहने वाला एक परिवार रात होटल में वैवाहिक समारोह मना रहा था, इस दौरान उनके घर का ताला तोड़कर चोर भीतर घुस गए।
विजय नगर पुलिस ने बताया कि डिफेंस के रिटायर्ड विज्ञानी रंजीत कुमार बैनर्जी परिवार समेत कचनार सिटी फेस टू में रहते हैं। उनका बड़ा बेटा चिन्मय उसकी पत्नी और बच्चे यूएस में रहते हैं। वहीं छोटा बेटा अभिनय उनके साथ रहता है।
अभियन का विवाह रविवार काे था। इसके चलते होटल बुक किया गया था। वैवाहिक कार्यक्रम होटल में ही चल रहे थे, जिस कारण पूरा परिवार दो से तीन दिन से होटल से आना-जाना कर रहा था।
चोरों ने मुख्य द्वार का दरवाजा तोड़ा और अंदर घुस गए। अंदर से चोरों ने चिन्मय की पत्नी के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी किया और चम्पत हो गए। सोमवार को नई दुल्हन की विदाई के साथ ही पूरा परिवार होटल से घर लौटा।
चिन्मय की मां जैसे ही दरवाजे के पास पहुंची, तो देखा कि दरवाजा टूटा था। वे अंदर गईं, तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। जानकारी लगते ही परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों का पता लगा रही है।
वहीं अधारताल पुलिस ने बताया कि महाराजपुर शिवधाम कॉलोनी मैत्री नगर निवासी राजेन्द्र सिंह एक पेट्रोल पंप में काम करता है। रोजाना की तरह 19 नवम्बर की शाम वह काम पर चला गया था। उसकी पत्नी विमलेश मोहल्ले की महिलाओं के साथ इसी रात घर में ताला लगाकर बागेश्वरधाम दर्शन के लिए चली गई थी। 20 नवम्बर की सुबह वह घर पहुंचा, तो देखा कि ताला टूटा था। अंदर रखी आलमारी भी टूटी थी और उसमें रखे सोने के दो मंगलसूत्र, एक अंगूठी, एक लाॅकेट, एवं चांदी की पायल बिछिया समेत 15 हजार रुपये गायब थे।