
सुरेन्द्र दुबे, नईदुनिया जबलपुर। न्यायिक जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर जब हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद से सुप्रीम कोर्ट के लिए विदा हो रहे न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा मंच पर पहुंचे, तो यह केवल एक औपचारिक सम्मान समारोह नहीं था, बल्कि बार और बेंच के बीच बने आत्मीय रिश्तों का भावनात्मक उत्सव बन गया।
हाई कोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित समारोह में जस्टिस सचदेवा ने कहा कि वह जबलपुर से कोई भौतिक उपलब्धि लेकर नहीं जा रहे, बल्कि यहां से मिले स्नेह, विश्वास और अपनत्व को अपने हृदय में संजोकर ले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व जब उनका तबादला जबलपुर हुआ था, तब मन में अनेक जिज्ञासाएं और आशंकाएं थीं, किंतु संस्कारधानी ने उन्हें पहली ही मुलाकात में अपनाया। मैं यहां न्यायाधीश बनकर आया था, लेकिन यहां के लोगों ने मुझे परिवार का सदस्य बना दिया। यह शहर, यह बार और यह न्यायिक परिवेश मेरे लिए हमेशा विशेष रहेगा।
समारोह में कई क्षण ऐसे आए जब औपचारिकता की जगह आत्मीयता ने ले ली। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया ने हल्के अंदाज में कहा कि दिल्ली जाने के लिए सामान तो पैक हो चुका होगा, लेकिन जबलपुर की स्मृतियों के लिए अलग ट्रक की व्यवस्था करनी पड़ेगी। उनके इस कथन पर सभागार में मुस्कान बिखर गई, किंतु इसके पीछे छिपा भाव सभी ने महसूस किया।
प्रशासनिक न्यायाधीश आनंद पाठक ने बदलते सामाजिक परिवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक ने संवाद के अनेक माध्यम दिए हैं, लेकिन मनुष्य से मनुष्य की सीधी बातचीत कम होती जा रही है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था की आत्मा भी संवाद और संवेदनशीलता में निहित है। जस्टिस सचदेवा की कार्यशैली को इसी मानवीय दृष्टिकोण का उदाहरण बताते हुए उन्होंने उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तन्खा ने कहा कि यह दुर्लभ अवसर है जब उन्हें अल्प अवधि में दूसरी बार जस्टिस सचदेवा के सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने इसे न्यायपालिका की उस परंपरा का प्रतीक बताया, जिसमें प्रतिभा, परिश्रम और निष्पक्षता को सर्वोच्च सम्मान मिलता है।
समारोह के दौरान बार एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव निखिल तिवारी तथा अन्य पदाधिकारियों ने जस्टिस सचदेवा का सम्मान किया। उपस्थित अधिवक्ताओं ने खड़े होकर स्टैंडिंग ओवेशन दिया, जिसने यह स्पष्ट कर दिया कि यह विदाई केवल एक न्यायाधीश की नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व की थी जिसने अपने व्यवहार और कार्यशैली से न्यायालय परिवार के बीच गहरी छाप छोड़ी।
जबलपुर की न्यायिक गलियों से देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंचने की यह यात्रा जहां एक नई शुरुआत का संकेत है, वहीं यह भी बताती है कि पद बदलते हैं, दायित्व बदलते हैं, लेकिन कुछ शहर और कुछ रिश्ते जीवन भर साथ चलते हैं। जस्टिस सचदेवा की विदाई में भी यही संदेश सबसे मुखर होकर सामने आया, स्मृतियां कभी ट्रकों में नहीं जातीं, वे हमेशा दिलों में बसती हैं।
यह भी पढ़ें- निर्मला सप्रे की विधायकी पर जल्द आ सकता है बड़ा निर्णय, उमंग सिंघार की याचिका पर सुनवाई पूरी