
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मंडल के अंतर्गत रेलपथ अनुरक्षण कार्य के चलते कैथरा और सिहोदा गांव के पास स्थित समपार फाटकों पर सड़क यातायात अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
विक्रमपुर-भिटौनी रेलखंड के समपार क्रमांक 301 SPL (कैथरा फाटक), किमी 959/13-959/15 पर रेलपथ अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। इसके चलते बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक इस फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
इस दौरान भारी और हल्के वाहनों के आवागमन के लिए रोड ट्रैफिक गेट क्रमांक 299 (बिलपठार) और गेट क्रमांक 300 (टेड़ी चौकी) को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
इसी तरह समपार क्रमांक 309, किमी 973/18-16 (सिहोदा गांव) पर अप और डाउन ट्रैक के आवश्यक अनुरक्षण कार्य (ओवरहॉलिंग) के कारण लंबी अवधि तक यातायात बंद रहेगा। बुधवार सुबह 8 बजे से 12 अक्टूबर 2026 रात 8 बजे तक इस फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान वाहन चालक रोड ट्रैफिक गेट क्रमांक 308 (दिघौरा गेट) और गेट क्रमांक 310 (आमाहिनौता गेट) से आवागमन कर सकेंगे। रेलवे के अनुसार, अनुरक्षण कार्य रेल संचालन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। यात्रियों और आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए गए हैं।
रेल मंडल ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित समय में बंद फाटकों की ओर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि अनुरक्षण कार्य सुरक्षित एवं सुचारू रूप से पूरा हो सके।