जबलपुर के विक्टोरिया अस्पताल में कुष्ठ रोगियों का सम्मान, चिकित्सक ने की घोषणा, हर माह देंगे नौ हजार
राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण दिवस पर जबलपुर के विक्टोरिया अस्पताल में विविध आयोजन हुए।
By Ravindra Suhane
Edited By: Ravindra Suhane
Publish Date: Mon, 31 Jan 2022 02:32:47 PM (IST)
Updated Date: Mon, 31 Jan 2022 02:32:47 PM (IST)

जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण दिवस पर विक्टोरिया अस्पताल में विविध आयोजन हुए। इस दौरान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आरएसएस, आइएमए व सक्षम संस्था द्वारा संयुक्त रूप से 20 कुष्ठ रोगियों को शाल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने बताया कि हाल में चलाए गए अभियान में जिलेभर में 106 नए कुष्ठ रोगी खोजे गए तथा वर्तमान में 134 उपचाररत हैं। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. रत्नेश कुरारिया के निर्देश पर किया गया। जिला कुष्ठ अधिकारी डा. नवीन कोठारी ने कुष्ठ उन्मूलन के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विक्टोरया अस्पताल में आपरेशन कर कुष्ठ रोगियों काे शारीरिक अपंगता से बचाया जा रहा है। न सिर्फ जबलपुर बल्कि समूचे प्रदेश के कुष्ठ रोगी आपरेशन के लिए यहां पहुंचते हैं।
इस अवसर पर आरएसएस के प्रांत प्रचारक प्रवीण गुप्ता, आइएमए के अध्यक्ष डा. पवन स्थापक , क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डा. संजय मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. कुरारिया, जिला क्षय अधिकारी डा. धीरज धवंडे, स्वास्थ्य अधिकारी डा. लक्षकार, जिला मीडिया अधिकरी अजय कुरील, डा. राजीव सक्सेना, डा. अविजित विश्नोई, विश्राम ओझा, उषा चौधरी, विनीत कोठारे, सुनील शर्मा एवं इलाजरत कुष्ठ रोगी मौजूद रहे। प्रांत प्रचारक ने कहा कि कुष्ठ रोग के उन्मूलन के लिए जन जागरुकता आवश्यक है। इस कार्य में उन्होंने मदद का आश्वासन दिया।
सीएमएचओ ने पढ़ा संकल्प पत्र: कार्यक्रम के दौरान सीएमएचओ डा. कुरारिया ने मध्य प्रदेश सरकार का संकल्प पत्र पढ़ा। जिसमें आस पास मौजूद कुष्ठ मरीजों की पहचान कर उन्हें तुरंत नई दवा नीति के तहत उपचार प्रदान करने की जानकारी दी गई है। डा. कोठरी ने बताया कि विक्टोरिया में वर्ष 2021 में प्रदेश भर से आए 73 कुष्ठ रोगियों का आपरेशन किया गया। क्षेत्रीय संचालक डा. मिश्रा ने कहा कि कुष्ठ रोगियों को आवश्यक उपकरण व जूते भी विक्टोरिया में तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराए जाते हैं। डा. अविजित विश्नोई कारीगर को प्रति माह नौ हजार रुपये देने की घोषणा की। डीपीएम विजय पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।