
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ड्यूटी पर दोबारा ज्वाइनिंग कराने के एवज में आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने दमोह प्रधान डाकघर में पदस्थ उप मंडलीय डाक निरीक्षक विनय शंकर अग्रवाल को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित ने जबेरा डाकघर में पदस्थ असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर हितेश से 10 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा आठ हजार रुपये में तय हुआ।
हितेश आठ से 22 अप्रैल तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचा था, जिसके कारण उसे निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद उसने दोबारा ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए प्रयास शुरू किए। इस सिलसिले में 13 नवंबर को उसकी मुलाकात उप मंडलीय डाक निरीक्षक विनय अग्रवाल से हुई। अग्रवाल ने री-ज्वाइनिंग कराने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद आठ हजार रुपये देना तय हुआ। हितेश ने इसकी शिकायत सीबीआई से की।
शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने आरोपित को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सोमवार को हितेश को रिश्वत की रकम लेकर अग्रवाल के कार्यालय भेजा गया। जैसे ही उसने आठ हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने अधिकारी को पकड़ लिया। कार्यालय की टेबल की दराज से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
कार्रवाई के बाद सीबीआई ने दमोह स्थित कार्यालय के साथ सागर में आरोपित के आवास पर भी तलाशी ली। वहां से मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपित को गिरफ्तार कर मामले में सीबीआई की जांच जारी है।