
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। एक सप्ताह से पत्नी और बच्चे के गायब होने से परेशान युवक ने उसकी जानकारी लेने के लिए अपने साढ़ू को अगवा कर लिया। उसे शराब पिलाकर एक्टिवा से परसवाड़ा धनवंतरी नगर स्थित एक कमरे में ले गए। यहां उसके हाथ-पैर बांधकर मारपीट की गई। पीड़ित की पत्नी की सूचना पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर कमरे तक पहुंचकर उसे मुक्त कराया। मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कृष्णा राजौरिया की पत्नी अंजली अपने बच्चे के साथ करीब एक सप्ताह से लापता है। कृष्णा को शक था कि उसकी बड़ी बहन काजल और उसके पति रोहित कोल को अंजली के बारे में जानकारी है।
उसने कई बार दोनों से पत्नी के बारे में पूछा, लेकिन जानकारी होने से इनकार करने पर वह नाराज था। कृष्णा ने रोहित को फोन कर मिलने बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई और पत्नी के बारे में पूछा। रोहित ने जानकारी होने से इन्कार किया तो कृष्णा उसे एक्टिवा पर बैठाकर अपने साथ ले गया।
कृष्णा अपने छोटे भाई आयुष राजौरिया के साथ रोहित को परसवाड़ा धनवंतरी नगर स्थित एक कमरे में ले गया। दोनों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और हाथ-पैर बांधकर मारपीट की। रोहित के घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी काजल ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। लोकेशन के आधार पर टीम कमरे तक पहुंची, जहां रोहित बंधक हालत में मिला। पुलिस ने उसे मुक्त कराया और कृष्णा तथा आयुष को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ग्रे रंग की एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एसएफ 1224 भी जब्त की। जांच में सामने आया कि यह एक्टिवा गौरीघाट थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस अब एक्टिवा चोरी और रोहित को बंधक बनाने की घटना के संबंध में दोनों से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के स्कूलों में पानी का संकट, मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान, निगम आयुक्त से 2 सप्ताह में मांगा जवाब