
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। तीन लोगों ने पब से बाहर निकले दो युवकों पर लोहे की राॅड और बियर की बोतलों से हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
चंदन कालोनी निवासी अजय यादव का जन्मदिन था। वह अपने साथी देवेंद्र सिंह ठाकुर, आदित्य मिश्रा, हर्ष विश्वकर्मा और प्रतीक दुबे के साथ पार्टी मनाने क्लावा पब पहुंचा था।
डांस के दौरान देवेंद्र का एक युवक को धक्का लग गया। इस पर कहासुनी हुई, लेकिन देवेंद्र के माफी मांगने पर मामला शांत हो गया। इसके कुछ देर बाद अजय और देवेंद्र पब से बाहर आकर कार से जाने लगे।
तभी एक कार में सवार वही तीन युवक वहां पहुंचे और अपनी कार उनके वाहन के सामने खड़ी कर रास्ता रोक लिया। हार्न बजाने पर भी जब कार नहीं हटी तो देवेंद्र कार से उतरकर उनके पास पहुंचा।
आरोप है कि तभी तीनों आरोपी कार से उतरे और देवेंद्र पर लोहे की राॅड से हमला कर दिया। उसके जमीन पर गिरने के बाद आरोपियों ने उसके सिर पर बियर की बोतल फोड़ दी।
अजय उसे बचाने पहुंचा तो उस पर भी राॅड से वार किया गया। इस दौरान देवेंद्र की सोने की चेन और मोबाइल भी मौके पर गिर गए। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हमले में घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। ओमती थाना में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें- ऐशबाग के 599 क्वार्टरों पर सोमवार से चलेगा बुलडोजर, कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार, एक को मिली राहत