
Jabalpur News : नई दुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश छात्र संगठन के सदस्यों व पदाधिकारियों ने कैदी की वेशभूषा में हथकड़ी लगाकर प्रदर्शन किया। इसके लिए एसडीएम से पूर्व अनुमति ली गई थी। प्रदर्शकारी छात्र नेता शहर की निजी स्कूल की मनमानी का विरोध कर रहे थे।
उनकी मांग थी कि निजी स्कूल को जितनी अनुमति है, उससे अधिक कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। लिहाजा, ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। आठवीं तक की अनुमति के बावजूद 12 वीं तक कक्षाएं संचालित करने से प्रवेश लेने वाले छात्रों का भविष्य संकट में पड़ सकता है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि कलेक्टर, जबलपुर ने पिछले दिनों निजी स्कूलों की अवैध फीस वसूली व पाठ्यपुस्तक घोटाले को लेकर जिस तरह कदम उठाया, वैसी ही कार्रवाई अन्य निजी स्कूलों पर भी होनी चाहिए। इससे बहुत बड़ा घोटाला सामने आना तय है।
जिला शिक्षा अधिकारी को अभिभावकों व छात्रों की परवाह करनी चाहिए न कि शिक्षा माफिया के दबाव या प्रलोभन में आना चाहिए। यदि डीईओ ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया तो व्यापक जनांदोलन किया जाएगा। हाई कोर्ट में जनहित याचिका भी दायर होगी।