
Jabalpur News : नई दुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संस्कारधानी के लिए अच्छी खबर लेकर आई एक मार्च की दोपहर, जब स्पाइस जेट ने पूरे एक साल बाद शुक्रवार को अपनी नियमित विमान सेवा आरंभ की। यह विमान दिल्ली से 82 फ्लायर्स को लेकर आया था। रनवे पर विमान के उतरते ही उसे एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा वॉटर सेल्यूट दिया गया। वहीं इस विमान से गए फ्लायर्स का भी बेहतरीन स्वागत किया गया। यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन शुक्रवार और सोमवार को संचालित होगी। वहीं जबलपुर-मुंबई-जबलपुर फ्लाइट प्रत्येक शनिवार को स्पाइस जेट द्वारा संचालित की जाएगी। इसी तरह आगामी 31 मार्च से हैदराबाद के लिए भी नियमित उड़ान आरंभ होगी।
स्पाइस जेट के विमान ने दोपहर तीन बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरी। डेढ़ घंटे में स्पाइस जेट के विमान ने दिल्ली से जबलपुर का सफर तय किया और यह विमान चार बजकर 30 मिनट पर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचा। यहां से विमान ने शाम पांच बजकर पांच मिनट पर उड़ान भरी, जो छह बजकर 45 मिनट पर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। स्पाइस जेट का विमान सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर प्रत्येक शनिवार को मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा, यह विमान दोपहर एक बजकर 50 मिनिट पर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा। आधे घंटे यहां रूकने के बाद विमान दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरेगा और चार बजकर 20 मिनिट पर मुंबई एयरपोर्ट पहुंचेगा।
स्पाइस जेट ने 31 मार्च से जबलपुर और हैदराबाद के बीच नई उड़ान शुरू करेगा। हैदराबाद से स्पाइस का विमान सुबह छह बजकर 25 मिनट पर उड़ान भरकर सुबह आठ बजे जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद सुबह साढ़े आठ बजे विमान हैदराबाद के लिए उड़ान भरकर सुबह दस बजकर 25 मिनट पर हैदराबाद पहुंचगा।
पहले सभी रूटों पर बोमबार्डियर विमानों का संचालन किया जाता था। दो फरवरी 2023 को सभी बोमबार्डियर विमानों को हटाकर सभी रूटो पर स्पाइस जेट ने बोइंग विमान शुरू कर दिए थे। यह विमान रोजाना दो से तीन रूटों पर उड़ान भरते थे, लेकिन एक माह में ही कम्पनी का दम फूल गया और बोइंग विमानों की उड़ानें दो मार्च 2023 से एकाएक रद्द कर दी गई। पहले तो यह कहा गया थ कि 15 दिनों के भीतर उड़ाने फिर शुरू की जाएंगी, लेकिन इसके बाद स्पाइस ने फ्लाइट्स शुरू नहीं की थी।