जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गुरुद्वारा प्रेम नगर मदन महल में हिंद की चादर नवम सिख गुरु श्री तेग बहादुर का शहीदी दिवस रविवार को मनाया जाएगा। जिसमें सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक तथा रात 7:30 बजे से रात 12 बजे तक सिख सेवक जत्था के नेतृत्व में आयोजन होगा। इसमें रागी जत्था भाई गुरविंदर सिंह आनंदपुरी हजूरी रागी जत्था श्री दरबार साहिब अमृतसर पंजाब, कथावाचक ज्ञानी किशन सिंह अमृतसर वाले रागी जत्था बलजीत सिंह सिख नारी मंच आदि कथा प्रवाह एवं गुरुवाणी शबद कीर्तन पेश करेंगे। प्रधान गजेंद्र सिंह बांगा, मनमोहन सिंह, रविंद्र सिंह दुआ, बॉबी बांगा, महेंद्र सिंह खनूजा, अमरजीत सिंह सलूजा, मनप्रीत सिंह आहूजा एवं कमेटी ने साध संगत से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए उपस्थिति की अपील की है। गुरु का लंगर सुबह 11 बजे आरंभ होकर दिन भर चलेगा। शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को गुरुद्वारा भरतीपुर एवं गुरुद्वारा गोरखपुर में केसरिया निशान साहिब लहराने की सेवा साध संगत द्वारा की गई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ एवं प्रभातफेरी का भी समापन हुआ।
श्री कृष्ण के मन में सुदामा के प्रति अटूट प्रेम : भगवान श्री कृष्ण और सुदामा की मित्रता अनूठी है। यह भगवान और भक्त का साक्षात रिश्ता है। एक तरफ भगवान श्री कृष्ण राज महल में निवास करते हैं और दूसरी तरफ दीन हीन सुदामा गरीबी का उदाहरण हैं। भगवान श्री कृष्ण के मन में सुदामा के प्रति अटूट प्रेम है। उक्त उदगार बड़ी खेरमाई मंदिर भानतलैया में चल रही श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ में शनिवार को वृंदावन के कथा व्यास पंडित अभिषेक महाराज ने प्रवचन में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि यह ग्रंथ भगवान श्री कृष्ण का शब्द स्वरूप है इसे बारंबार सुनना चाहिए। कथा व्यास का स्वागत एवं श्रीमद्भागवत पूजन पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, जीत जांगड़े ने किया। रविवार को दोपहर एक बजे से कथा का समापन तत्पश्चात विशाल भंडारा आयोजित होगा सभी भक्तों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।
गीता जयंती पर श्लोक पठन व भाषण प्रतियोगिता 14 को : श्री नरसिंह मंदिर शास्त्रीब्रिज में स्वामी नरसिंहदास महाराज के सानिध्य में 14 दिसंबर को गीता जयंती धूम-धाम के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर संत-महंत, संस्कृत आचार्यों और विद्यार्थियों द्वारा संपूर्ण श्रीमद् भगवत गीता का पाठ किया जाएगा। छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित श्रीमद् भगवत गीता के विभिन्न विषयों पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उपस्थिति की अपील लालमणि मिश्रा, श्याम साहनी, वीणा तिवारी, एसएन शर्मा, शिवकली मालवीय, अशोक मनोध्या, रामफल शुक्ल शास्त्री, विष्णु पटेल, प्रवीण चतुर्वेदी, राजेन्द्र पयासी आदि ने की है।