
जबलपुर। रमेश मेंदोला मध्यप्रदेश ओलिंपिक संघ (एमपीओए) के तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं। साथ ही जबलपुर के दिग्विजय सिंह दूसरी बार पुन: सचिव बनाए गए। कोषाध्यक्ष जीतू जिराती बनाए गए। उनका इस पद पर तीसरा कार्यकाल होगा।
एमपीओए की बुधवार को वार्षिक सामान्य सभा (एजीएम) की बैठक के मौके पर अगले चार सालों के लिए शीर्ष पदों के लिए सर्वसम्मति से चुनाव हुए। भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) की ओर से नियुक्त चुनाव अधिकारी नामदेव एस. श्रीगांवकर मौजूदगी में चुनावी बैठक हुई।
इसमें 33 मप्र राज्य खेल संघों और 14 जिला ओलिंपिक संघ के 80 से अधिक पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक के बाद चुनाव अधिकारी श्रीगांवकर ने बताया कि एमपीओए पदाधिकारियों का कार्यकाल 2017 से 2021 के बीच चार साल का होगा।
एमपीओए में 29 पदाधिकारी होंगे
चुनावी बैठक के बाद सचिव श्री सिंह ने कहा कि एमपीओए में अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष सहित 29 पदाधिकारी होंगे। इनमें 9 उपाध्यक्ष, 6 संयुक्त सचिव व अन्य कार्यकारिणी सदस्य होंगे। सर्वसम्मति से इनके नामों की घोषणा विचार-विमर्श के बाद एक सप्ताह में कर दिए जाने की संभावना है।
राज्य टूर्नामेंट पर फोकस
हमारा इस बार पूरा फोकस प्रदेश में एमपीओए के बैनर तले राज्य स्तर के टूर्नामेंट कराने पर होगा। इसके लिए हम राज्य सरकार का भी सहयोग लेंगे।
रमेश मेंदोला, अध्यक्ष एमपीओए
उत्कृष्ट खिलाड़ी होंगे पुरस्कृत
हम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद राशि देकर पुरस्कृत करने पर विचार कर रहे हैं। साथ ही खिलाड़ियों के लिए अच्छे मैदान उपलब्ध कराएंगे।
दिग्विजय सिंह, सचिव एमपीओए