नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: दमोह के देहात थाना क्षेत्र निवासी एक नाबालिग को एक व्यक्ति बहला फुसलाकर अपने साथ नोएडा लेकर गया। जहां, उसके साथ विवाह का स्वांग रचाया। फिर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। कुछ समय पूर्व वह नाबालिग को उसके घर पर छोड़कर चला गया।
घर में जब नाबालिग को पेट में दर्द होने पर स्वजन अस्पताल लेकर गए। जहां, उसका प्रसव हुआ। बच्चे के जन्म से नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना का पता चला। मामले में खितौला पुलिस ने आरोपी दमोह जिला निवासी बब्लू चौधरी के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म एवं पाक्सो एक्ट का मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी फरार है।
जानकारी के अनुसार आरोपी राजमिस्त्री है। पीड़िता 16 वर्षीय किशोरी भी मजदूरी करने जाती थी। जहां, उसकी आरोपी से पहचान हुई थी। पिछले साल 26 दिसंबर को किशोरी मजदूरी पर गई तो आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाया। विवाह करने और दिल्ली घुमाने का बोला। झांसे में लेकर किशोरी को अपने साथ दिल्ली ले गया। जहां, पर आरोपी नोएडा में काम करने लगा।
बता दें कि दोनों नोएडा में साथ रहने लगे। इस बीच आरोपी किशोरी को लेकर एक मंदिर में गया। उसके साथ विवाह का स्वांग रचाया। फिर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। कई दिनों तक दुष्कर्म करने के बाद वह कुछ समय पहले नाबालिग को लेकर अपने घर दमोह लेकर गया। फिर किशोरी को माता-पिता के पास गांव में छोड़कर चला गया।
16 जून को किशोरी को पेट में दर्द हुआ। स्वजन उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में लेकर गए। जहां, से उसे मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया। अगले दिन किशोरी का मेडिकल अस्तपाल में प्रसव हुआ। उसने एक शिशु को जन्म दिया। तब नाबालिग के प्रसव पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पूछताछ में उसके साथ दुष्कर्म का पता चला