
MP Election 2023: जबलपुर,नईदुनिया प्रतिनिधि। विधानसभा चुनाव में एक-एक विधानसभा में हार-जीत का समीकरण समझने के लिए भाजपा ने बाहर से विधायकों को भेजा है। जबलपुर की विधानसभा में भी विधायकों ने सोमवार को चुनावी नब्ज को टटोलने का प्रयास किया। पहले दिन विधायकों ने विधानसभा की कोर कमेटी और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसमें हर विधानसभा से कई मुद्दे उठे। जीत-हार को लेकर चर्चा हुई। जमीनी स्थिति समझी गई। विधायक अगले सात दिन तक विधानसभा में रहकर अलग-अलग दिन कार्यकर्ताओं से भेंट कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे।
इसी क्रम में जबलपुर की तीन विधानसभा में प्रवासी विधायक पहुंचे जिनमे जबलपुर उत्तर में महाराष्ट्र के पर्वती पुणे से विधायक माधुरी सतीश मिसाल, जबलपुर पश्चिम में चिखली महाराष्ट्र से विधायक श्वेता महाले पाटिल एवं जबलपुर पूर्व में पुणे महाराष्ट्र से विधायक महेश दादा लागड़े पहुंचे। भाजपा नगर अध्यक्ष प्रभात साहू ने बताया संगठन के मंशानुरूप सभी विधानसभाओं में दूसरे दूसरे प्रदेशों के हमारे विधायकों का प्रवास हो रहा है इसी क्रम में तीन विधानसभाओं में उनका आगमन हुआ है। कैंट विधानसभा में 22 अगस्त को आगमन होगा। उन्होंने बताया सभी विधायक सात दिनों तक विधानसभा का प्रवास करेंगे और स्थानीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे।
पश्चिम विधानसभा की बैठक टिम्बर भवन में हुई। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने विधायक श्वेता महाले के समक्ष स्थानीय प्रत्याशी का मुद्दा उठाया। श्वेता महाले ने कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्थिति के बारे में समझा और स्थानीय मुद्दे जाने। उन्होंने जब कार्यकर्ताओं की मन की बात पूछी तो सभी ने कहा कि पैराशूट से किसी को यहां न थोपा जाए। भाजपा पश्चिम में मजबूत है और कार्यकर्ता एकजुट है लेकिन प्रत्याशी चयन में स्थानीय को तवज्जों मिलेगी तो स्थिति बेहतर होगी। इसके अलावा जीत के लिए जरूरी प्रयास पर भी बात हुई। इसी तरह उत्तर मध्य विधानसभा में जातिगत समीकरण के आधार पर जानकारी ली गई। प्रत्याशियों ने भी अपने दावे रखे। पूर्व विधानसभा में पिछली हार को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान चुनाव जीतने के लिए ठोस मुद्दों पर चर्चा की गई।