Jabalpur High Court: 'छेड़छाड़ को नहीं कहा जा सकता यौन उत्पीड़न', हाई कोर्ट ने कम की दोषी की सजा
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने हरि कीर्तन शाह की 20 साल की सजा घटाकर 5 साल कर दी। कोर्ट ने कहा कि केवल छेड़छाड़ को पास्को एक्ट के तहत यौन उत्पीड़न मानना उचित नहीं है। पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट में यौन शोषण की पुष्टि नहीं हुई थी।
Publish Date: Fri, 16 May 2025 09:30:27 PM (IST)
Updated Date: Fri, 16 May 2025 09:30:27 PM (IST)
जबलपुर हाईकोर्ट ने यौन शोषण के आरोपी की सजा की कम। (फाइल फोटो)नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में अनूपपुर निवासी हरि कीर्तन शाह की 20 साल की सजा को घटाकर 5 साल कर दिया।
कोर्ट ने कहा कि महज छेड़छाड़ को यौन उत्पीड़न मानकर पास्को एक्ट के तहत सजा देना उचित नहीं है। न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल और न्यायमूर्ति देवनारायण मिश्रा की युगलपीठ ने यह आदेश पारित किया।
पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई
हरि कीर्तन शाह को पास्को एक्ट सहित अन्य धाराओं में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके खिलाफ उन्होंने हाई कोर्ट में पुनरीक्षण याचिका दायर की। याचिकाकर्ता ने दलील दी कि उन्होंने घटना से पहले थाना प्रभारी को शिकायत की थी कि उन्हें एससी-एसटी एक्ट में झूठा फंसाया जा सकता है।
पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट आधार
सुनवाई के दौरान पीड़िता ने कोर्ट में कहा कि उसके साथ छेड़छाड़ हुई, लेकिन यौन शोषण नहीं हुआ। मेडिकल रिपोर्ट में भी पीड़िता के निजी अंगों पर चोट के निशान नहीं मिले। हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के रिकॉर्ड का अवलोकन कर पाया कि केवल छेड़छाड़ का मामला था।
सजा में संशोधन
इन तथ्यों के आधार पर युगलपीठ ने सजा को 20 साल से घटाकर पांच साल कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि छेड़छाड़ को पॉस्को एक्ट के तहत यौन उत्पीड़न मानना अनुचित है।