
Jabalpur Weather: जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। जबलपुर और आसपास के जिलों में मानसून एक बार फिर लौट आया है। करीब 10 दिनों के अंतराल के बाद वर्षा का नया दौर शुरू हो गया है। हालांकि सक्रिय मौसमी प्रणालियां जोर नहीं लगा पा रही जिसके कारण थम-थम कर वर्षा हो रही है। बुधवार को करीब आधा इंच वर्षा हुई। गुरुवार को दिन भर मौसम साफ रहा। धूप के बीच बादल छाए रहे। शाम होते ही अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में मंडराते बादल उमड़-घुमड़ कर बरस पड़े। करीब 25 मिनट तक कभी हल्की तो कभी मध्यम बौछारों ने शहर को तरबतर कर दिया। सड़कों में कई जगह पानी भर गया।
मौसम विभाग के रिकार्ड में शाम साढ़े पांच बजे तक 16.8 मिलीमीटर यानी आधा इंच से ज्यादा वर्षा रिकार्ड की गई। वहीं रात में भी बूंदाबांदी का क्रम जारी रहा। वहीं मौसम विभाग की माने तो बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बना हुआ है इसके असर से अभी कुछ दिनों तक जबलपुर सहित संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
दिन में धूप और बादल और नमी के कारण उमस भरी गर्मी महसूस होती रही। शाम को हुई वर्षा के बाद लोगों को कुछ राहत मिली। अधिकतम तापमान भी करीब दो डिग्री तक गिर गया। दिन का अधिकतम तापमान 33 से गिरकर 31.8 डिग्री और न्यूनतम आंशिक रूप से बढ़कर 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा का रूख भी दक्षिण पश्चिमी रहा। करीब चार से पांच किमी प्रति घंटे की गति से चली हवा से वातावरण में गर्मी का आभाष होता रहा। हालांकि शाम हल्की वर्षा होने से रात का मौसम सुहाना हो गया।
बहरहाल मानसून सीजन में रूक-रूक कर ही सही वर्षा का दौर जारी रहने से मानसून सीजन में वर्षा का कुल आंकड़ा 38 इंच तक पहुंच गया है। गुरुवार को शाम साढ़े पांच बजे तक 966.4 मिलीमीटर यानी 38 इंच वर्षा रिकार्ड की गई। वहीं गत वर्ष आज के दिन तक 31 इंच वर्षा हुई थी। इस हिसाब से गत वर्ष के मुकाबले सात इंच ज्यादा वर्षा हो चुकी है।
मौसम विभाग की माने तो उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। पूर्वी-पश्चिमी द्रोणिका छत्तीसगढ़ के आसपास बनी हुई है। मानसून द्रोणिका उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल से होते हुए बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात तक बनी हुई है। पंजाब के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। इसके असर से अभी कुछ दिन जबलपुर सहित संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
सूर्योदय- सुबह 5:48
सूर्यास्त- शाम 6:41
तापमान
अधिकतम- 31.8 डिग्री सेल्सयिस
न्यूनतम- 24.0 डिग्री सेल्सियस
सुबह की आर्द्रता- 87 प्रतिशत
शाम की आर्द्रता- 95 प्रतिशत
दिनांक अधिकतम - न्यूनतम
जबलपुर
18 अगस्त- 32.0 - 23.0
19 अगस्त - 31.0 - 23.0
कटनी
18 अगस्त - 30.1 - 24.2
19 अगस्त - 32.2 - 24.1
मंडला
18 अगस्त - 32.0 - 24.0
19 अगस्त- 32.0 - 23.0