नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक घर में दो महिला के शव मिले हैं। मृतक में 70 वर्षीय श्यामा साहू और उसकी 45 वर्षीय बेटी शिखा साहू है। श्याम अपनी बेटी शिखा और बेटे अजय साहू के साथ मछली मार्केट स्थित घर में रहती थी। उनके घर के अंदर से शनिवार को पड़ोसियों को दुर्गंध आयीं। अंदर कोई हलचल नहीं थी।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आकर दरवाजा खोला तो श्यामा पलंग पर मृत पड़ी थी। बेटी शिखा फंदे में झूली मिली। रात को अंधेरे होने से पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया।
रविवार को सुबह एफएसल टीम ने घटनास्थल में जाकर जांच की। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे विवेचना करेगी।
मृतका शिखा विवाहित है। पति से विवाद के कारण वह कुछ समय से मायके में रह रही थी। श्याम का बेटा अजय साहू लगभग 15 दिन पूर्व घर छोड़कर कहीं चला गया। श्यामा और शिखा ने भाई को बहुत ढूंढा। उसका कुछ पता नहीं चला। दोनों भाई के अचानक गायब हो जाने से परेशान थे।
इस बीच मां और बेटी का शव मिलने से घटना संदिग्ध हो गई है। पुलिस को प्रथम दृष्टतया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। श्यामा ने संभवत: किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर प्राण त्यागा है। हालांकि मामले की प्रत्येक कोण से जांच की जा रही है।
पुलिस गायब अजय को ढूंढ रही है। उसके मिलने पर मामला से परदा हटने की संभावना है। अब तक की जांच में पता चला है कि 10 दिन पूर्व श्यामा की स्वजन से मुलाकात हुई थी। वह बेटे के चले जाने से परेशान थी। कुछ दिन पूर्व शिखा ने स्वजन के एक इंटरनेट मीडिया समूह में संपत्ति विवाद का उल्लेख किया था।
परेशान होने और आत्महत्या की बात कही थी। घटनास्थल पर श्यामा और शिखा का मोबाइल फोन मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त किया है। मोबाइल फोन की सीडीआर जांच में सहायक हो सकती है।