
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गुरु गोविंद सिंह खालसा स्कूल (जीसीएफ) में कक्षा 10वीं के एक छात्र के साथ कथित मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला सामने आया है। छात्र की मां ने स्कूल की शिक्षिका पर बेटे की उंगली मरोड़ने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इस घटना में छात्र के हाथ की उंगली का लिगामेंट क्षतिग्रस्त हो गया।
मामले में शिकायत करने स्कूल पहुंची मां के साथ अभद्रता और धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने शिक्षिका के पति और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित छात्र अनुराग दुबे के परिजनों के मुताबिक, अनुराग रोजाना की तरह स्कूल गया था। इसी दौरान शिक्षिका दीक्षा शर्मा ने कथित तौर पर उसका हाथ और उंगली मरोड़ दी, जिससे उसे गंभीर चोट आई। परिवार का कहना है कि चोट के कारण छात्र को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्र की मां अर्चना दुबे का आरोप है कि घटना को लेकर 4 तारीख को जब वे स्कूल जाकर शिकायत करने की तैयारी कर रही थीं, तभी स्कूल के तीन-चार शिक्षक उनके घर पहुंच गए। उन्होंने स्कूल में कार्यक्रम और प्रबंधन के दौरे का हवाला देते हुए उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा। साथ ही मामले में हरसंभव मदद करने का आश्वासन भी दिया।
अर्चना दुबे के अनुसार, 5 तारीख को वह अपने बेटे और भतीजे के साथ स्कूल पहुंचीं। उनके पति अभिषेक दुबे का स्वास्थ्य ठीक नहीं था और बीपी बढ़ने के कारण वे साथ नहीं जा सके। मां का आरोप है कि स्कूल में शिक्षिका के पति पहले से ही चार-पांच वकीलों और अन्य परिचितों के साथ मौजूद थे। वहां स्कूल स्टाफ के सामने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
पीड़ित परिवार ने स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। मां का आरोप है कि प्राचार्य और अन्य स्टाफ ने घटना पर उचित कार्रवाई करने के बजाय बच्चे के भविष्य का हवाला देकर उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए दबाव में लेने की कोशिश की। परिवार का कहना है कि एक विद्यार्थी के साथ स्कूल में इस तरह की घटना गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पीड़ित छात्र की मां ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को देते हुए शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने शिक्षिका, उनके पति और मामले में कथित तौर पर दबाव बनाने वाले स्कूल प्रबंधन की भूमिका की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है।