
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर से मंडला जाने वाले वाहन चालकों को अब बरेला से आगे सफर करने के लिए टोल शुल्क चुकाना होगा। बरेला-मंडला मार्ग पर 25 नवंबर से पहली बार टोल वसूली शुरू होने जा रही है। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल दरों की सार्वजनिक सूचना जारी कर दी है।
मंडला जिले के अमतौला में टोल प्लाजा बनाया गया है। यहां कार, जीप और हल्के मोटर वाहनों से एक तरफ की यात्रा के लिए 60 रुपये शुल्क लिया जाएगा। वहीं भारी वाहनों के लिए यह शुल्क 390 रुपये तक निर्धारित किया गया है।
खास बात यह है कि बरेला से मंडला के बीच करीब 70 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण और सुधार मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) ने कराया है। मार्ग पर कांक्रीट सड़क निर्माण के साथ डामरीकरण और अन्य सुधार कार्य किए गए हैं।
सड़क का प्रबंधन फिलहाल एमपीआरडीसी के पास ही रहेगा। टोल वसूली और टोल प्लाजा का संचालन एनएचएआई करेगा। इसके लिए एनएचएआई ने टोल दरें निर्धारित कर दी हैं। जारी सूचना के मुताबिक अमतौला टोल प्लाजा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 (पुराना एनएच-12) पर स्थित है। टोल के लिए निर्धारित खंड की लंबाई 63.550 किलोमीटर है।
नियमित आवागमन करने वाले वाहन चालकों के लिए मासिक पास की व्यवस्था भी की गई है। कार और हल्के मोटर वाहनों का 50 यात्राओं तक का मासिक पास 2010 रुपये का होगा। हल्के वाणिज्यिक वाहनों का मासिक पास 3250 रुपये का होगा। दो धुरी वाले बस-ट्रक का मासिक पास 6819 रुपये का होगा। तीन धुरी वाले वाहनों का मासिक पास 7425 रुपये का होगा।
चार से छह धुरी वाले वाहनों का मासिक पास 10675 रुपये का होगा। सात या अधिक धुरी वाले वाहनों का मासिक पास 12995 रुपये का होगा। टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन चालकों के लिए मासिक पास 360 रुपये का होगा। गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए सालाना पास की दर 3075 रुपये रखी गई है। यह पास एक साल अथवा 200 बार टोल पार करने तक मान्य रहेगा।
जबलपुर से मंडला होते हुए चिल्पी तक जाने वाला यह मार्ग भविष्य में फोरलेन किए जाने की योजना से भी जुड़ा है। फिलहाल बरेला से मंडला तक सड़क का निर्माण और रखरखाव एमपीआरडीसी के जिम्मे है। आगे चलकर मार्ग के फोरलेन विकास के साथ इसे एनएचएआई के अधीन किए जाने की योजना है। फिलहाल व्यवस्था यह रहेगी कि सड़क एमपीआरडीसी के पास रहेगी और अमतौला टोल प्लाजा का संचालन एनएचएआई करेगा।
एनएचएआई की सूचना के अनुसार निर्धारित टोल दरें 25 नवंबर 2026 से लागू होकर 31 मार्च 2027 तक अथवा आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी। टोल प्लाजा पर सभी वाहनों के लिए फास्टैग अनिवार्य रहेगा। एक अप्रैल 2026 से नकद भुगतान स्वीकार नहीं किए जाने संबंधी प्रावधान भी सूचना में उल्लेखित है।
| वाहन श्रेणी | एक तरफ | वापसी |
| कार, जीप, वैन | 60 | 90 |
| हल्के वाणिज्यिक वाहन | 95 | 145 |
| दो धुरी बस/ट्रक | 205 | 305 |
| तीन धुरी वाणिज्यिक वाहन | 225 | 335 |
| चार से छह धुरी वाहन | 320 | 480 |
| सात या अधिक धुरी वाहन | 390 | 585 |