भोपाल से बालाघाट जा रही सिवनी में अनियंत्रित होकर पलटी, एक यात्री की मौत; कई घायल
सिवनी के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस भीषण सड़क दुर्घटना में बस में नीचे दबने से एक यात्री की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई।
Publish Date: Tue, 06 Oct 2026 10:11:20 AM (IST)Updated Date: Tue, 06 Oct 2026 10:49:22 AM (IST)
बालाघाट जा रही अनियंत्रित बस पलटी, नईदुनियाHighLights
- सिवनी में सुबह भीषण सड़क हादसा
- बालाघाट जा रही अनियंत्रित बस पलटी
- हादसे में एक यात्री की मौत, कई घायल
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। शहर से 3 किमी दूर छिंदवाड़ा-सिवनी नेशनल हाईवे में बम्होड़ी पेट्रोल पंप के पास भोपाल से बालाघाट जा रही यात्रियों से भरी सूत्र सेवा बस 6 अक्टूबर मंगलवार तड़के सड़क में गड्ढे और ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई।
कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस भीषण सड़क दुर्घटना में बस में नीचे दबने से एक यात्री की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के दौरान बस में 32 यात्री सवार थे। इनमें से 10 यात्रियों को सामान्य चोटें आई है। दुर्घटना सुबह लगभग 4:45 बजे की बताई जा रही है।
यात्रियों में मची चीख-पुकार
सूत्र सेवा बस क्रमाक एमपी 04 पीए 3660 सिवनी पहुंचने से पहले दुर्घटना का शिकार हो गई। घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, सूचना मिलते ही डायल 112 के साथ ही कोतवाली, लखनवाड़ा और बंडोल थाना का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल यात्रियों को बस से बाहर निकालकर तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
बस के नीचे दबने से मृतक व्यक्ति बालाघाट निवासी बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक मृतक की पहचान नहीं हुई है, पुलिस मृतक की पहचान कर रही है। दुर्घटना में 10 लोगों में से 5 यात्रियों को गंभीर चोटें हैं, जबकि अन्य पांच को सामान्य चोटें आई हैं। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस और अन्य साधनों से अस्पताल पहुंचाया गया है।
दुर्घटना में ये हुए घायल
जानकारी के अनुसार, सूत्र सेवा बस में 21 बालाघाट, 5 वारासिवनी तथा 4 सिवनी के यात्री सवार थे। बस के पलटने का मुख्य कारण सड़क पर मौजूद एक गड्ढा और ढलान बताया जा रहा है, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बस सड़क किनारे पलट गई।
घायलों में शिक्षक विवेक पुत्र गिरिराज किशोर पटेल (28) बाम्हन गांव, इटारसी निवासी के अलावा महेश पुत्र जगदीश गडेल (41) रूपझर बालाघाट, राहुल पुत्र प्रमोद नागेश्वर (30) लालबर्रा बालाघाट, शैलेंद्र पुत्र निर्गुण सिंह मरावी (30) मलाजखंड बालाघाट, बृजेश पुत्र नानाजी बिसेन (35) झोलिया कान्हीवाड़ा, पियूस पुत्र संजीव धुर्वे (30) कुरई सिवनी, प्रीति पिता अरविंद (27) खैरलांजी बालाघाट, आंचल पुत्री नारायण मदलेकर (27) वारासिवनी बालाघाट, संयोगिता पति नितिन श्रीवास्तव (48) वारासिवनी बालाघाट निवासी शामिल हैं।
भोपाल से बालाघाट जा रही यात्री तेज रफ्तार सूत्र सेवा बस के बम्होड़ी पेट्रोल पंप के पास हाईवे के गड्ढे अथवा ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलटने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक की पहचान की जा रही है। घायल यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले में विस्तृत जांच कर रही है। सतीश तिवारी, टीआई कोतवाली