
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। एमपी स्टेट बार काउंसिल निर्वाचन-2026 की द्वितीय चरण की मतगणना में एलिमिनेशन राउंड का 22वां दिन पूरा हो गया। 122 प्रत्याशियों से शुरू हुई चुनावी दौड़ अब 28 प्रत्याशियों तक सिमट गई है। शुक्रवार को दो और प्रत्याशी क्रमांक 70 डा. प्रवीण तिवारी (रीवा) और क्रमांक 102 शेख अलीम (इंदौर) के एलिमिनेशन के साथ अब तक 94 प्रत्याशी चुनाव से बाहर हो चुके हैं। मतों के स्थानांतरण के साथ शेष प्रत्याशियों के बीच मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है।
मतगणना के मौजूदा आंकड़ों में सात प्रत्याशियों ने निर्धारित कोटा पार कर लिया है। इनमें क्रमांक 89 राकेश सिंह भदौरिया (इंदौर), क्रमांक 5 अखिलेश कुमार सक्सेना (इंदौर), क्रमांक 73 आर.के. सिंह सैनी (जबलपुर), क्रमांक 121 विवेक सिंह (इंदौर), क्रमांक 97 संदीप मेहता (उज्जैन), क्रमांक 61 नित्यानंद मिश्रा (जबलपुर) और क्रमांक 40 हितोषी जय हार्डिया (इंदौर) शामिल हैं। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनका निर्वाचन सुनिश्चित माना जा रहा है।
इस चुनाव में केवल एलिमिनेशन के आधार पर अंतिम परिणाम तय नहीं होगा। महिला प्रत्याशियों के लिए निर्धारित आरक्षण के कारण मतगणना में बाहर हो चुकी महिला प्रत्याशी भी अंतिम परिणाम में स्थान पा सकती हैं। लिहाजा अंतिम चरण में महिला प्रत्याशियों की स्थिति चुनावी गणित का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
अब तक की मतगणना में पुरुष प्रत्याशियों में नरेन्द्र कुमार जैन (इंदौर), मनीष तिवारी (जबलपुर), जितेन्द्र कुमार शर्मा (ग्वालियर), गौरख मिश्रा (ग्वालियर) और अखंड प्रताप सिंह (रीवा) बढ़त बनाए हुए हैं। लगातार हो रहे मतों के स्थानांतरण से इनकी स्थिति पर भी नजर बनी हुई है।
महिला प्रत्याशियों में फिलहाल अन्नू पटेल (सिंगरौली) सहित अन्य प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। महिला आरक्षण के कारण इस वर्ग की प्रत्येक प्रत्याशी के मतों और एलिमिनेशन क्रम का महत्व बढ़ गया है। अंतिम पांच महिला प्रत्याशियों का निर्धारण परिणाम की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के जिला पंचायत कार्यालय में घुसकर सहायक विकासखंड प्रबंधक को जांच से नाराज पति ने मारे थप्पड़ और लात