
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सर्दी की दस्तक के बीच मौसम की रंगत एक बार फिर बदल सकती है। दरअसल दक्षिण-पश्चिम मानसून की मध्यप्रदेश से वापसी हो चुकी है। परंतु अन्य प्रदेशों से मानसून की रवानगी का असर जबलपुर सहित आसपास के जिलों में देखने मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-तीन दिनों तक मौसम साफ व शुष्क रहेगा। परंतु सात अक्टूबर तक मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की मराठवाड़ा और विदर्भ के अधिकांश हिस्सों, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों, तथा तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों से वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। इधर एक ट्रफ़ उत्तर-पूर्वी बिहार से लेकर उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है।
इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय मौसम प्रणालियों के कारण बादल और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से जबलपुर में आंशिक रूप से मौसम बदला रहेगा।
जबकि मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, अनूपपुर, रीवा, सतना सहित आस-पास के जिलों में बादल छा सकते हैं कहीं-कहीं तेज हवा के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश की गतिविधियां व्यापक न होकर स्थानीय रहने की संभावना है।
दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है, जबकि रात के तापमान में फिलहाल बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है। फिलहाल दिन का तापमान जहां 30 डिग्री के ऊपर बना हुआ है वहीं रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी रहा। अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
| जिला | दिनांक | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| जबलपुर | 05 अक्टूबर | 36.0 | 20.0 |
| जबलपुर | 06 अक्टूबर | 36.0 | 20.0 |
| कटनी | 05 अक्टूबर | 33.0 | 22.0 |
| कटनी | 06 अक्टूबर | 32.0 | 22.0 |
| मंडला | 05 अक्टूबर | 34.0 | 20.0 |
| मंडला | 06 अक्टूबर | 34.0 | 20.0 |