नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मप्र लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा चयन सूची शनिवार को जारी हुई। इसमें जबलपुर के सागर जैन का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है। सागर को 24वीं रैंक मिली है। जबलपुर निवासी सागर कुछ साल पहले पुस्तैनी किराना दुकान में बैठते थे। कोराेना में पिता की मौत के बाद दुकान बंद की और प्रशासनिक सेवा में आने की तैयारी शुरू कर दी थी।
मूल रूप से मंडला के गांव पिंडरई से जबलपुर शक्तिनगर में अपने भाई के पास आ गए। सागर के भाई शिवम जैन बिजली कंपनी में वित्त अधिकारी के पद पर कार्यरत है। यहां करीब डेढ़ साल की तैयारी में सागर ने पहले ही मौके पर यह सफलता हासिल की।
सागर ने बताया कि पिता पिंडरई में किराना दुकान संचालित करते थे, उनके साथ पहले दुकान में बैठा। 2018 में पिता की मौत हाे गई। कोरोना में व्यापारी बुरी तरह प्रभावित हुआ। जिसके बाद प्रशासनिक सेवा में आने का मन बनाया। उन्होंने कहा कि अपने लक्ष्य को लेकर पूरी ईमानदारी रखे सफलता मिलेगी।
राज्य सेवा परीक्षा में कुछ ऐसे भी युवा है जो वर्तमान में सरकारी सेवा में हैं और उच्च पद के लिए परीक्षा में शामिल हुए और सफलता हासिल की। 26 वर्षीय श्रद्धा पाटकर का चयन एमपीएससी 2022 की परीक्षा में ट्रांसपोर्ट सब इंस्पेक्टर पद पर चयन हुआ है। श्रद्धा वर्तमान में जबलपुर में ही आबकारी उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं।
वे मूल रूप से कटनी के विजयराघवगढ़ की निवासी हैं। श्रद्धा ने बताया कि वो नौकरी लगने से पूर्व आठ घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं। अभी नौकरी के साथ भी पढ़ाई करती थीं, उनकी पहले की तैयारी और विषय में पकड़ की वजह से यह सफलता मिली।
कंचन महोबिया का चयन कमर्शियल टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर हुआ है। कंचन वर्तमान में पाटन में सहायक विकास विस्तार अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। कंचन ने बताया कि दूसरे अवसर में उन्हें यह सफलता मिली। इसके पूर्व वे साक्षात्कार तक पहुंची थीं, उस दौरान प्रतीक्षा सूची में उनका नाम था।
कंचन ने बताया कि वे लगातार प्रतियोगी परीक्षा देकर प्रशासनिक उच्च पद पर आने के लिए प्रयास कर रही हैं। अधारताल में कंचन की ससुराल है। उनका मायका कांचघर में है। उन्होंने बताया कि उनके पति जो खुद हार्डवेयर इंजीनियर है उनका विशेष योगदान रहा।
रामपुर निवासी पूजा रघुवंशी 29 का चयन राज्य सेवा चयन परीक्षा में नायब तहसीदार के पद पर हुआ है। पूजा मूल रूप से छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव की निवासी हैं, वे वर्तमान में जबलपुर में कमर्शियल टैक्स इंस्पेक्टर पद पर पदस्थ हैं।
सेवा में रहते हुए चयन पर उन्होंने बताया कि वे नौकरी के साथ ही तैयारी में जुटी रही। सुबह जल्दी उठकर दो घंटे तैयारी करती इसके बाद शाम को रात आठ बजे से 12 बजे तक तैयारी करती थी।