
Jabalpur News : नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। चिलचिलाती धूप और हवा फैले प्रदूषण से जूझ रहे लोगों पर ब्लूम चौक पर रुकते ही जैसे ही पानी की महीन फुहारें पड़ी तो कुछ देर के लिए उनकी थकान और तनाव दूर हो गया। कुछ ऐसे भी रहे जो काफी देर तक पानी के सूक्ष्म कणों की फुहारों का आनंद लेते रहे। दरअसल नगर निगम द्वारा शहर के वायु प्रदूषण को कम करने की कवायद के बीच शहर के प्रमुख चौराहों पर वाटर फागर मशीनरी वाहन चलाया जा रहा है।
मंगलवार को दोपहर में शहर के व्यस्तम चौराहे ब्लूम चौक, तीन पत्ती चौक सहित कुछ अन्य चौराहों में वाटर फागर चलाया गया। वाटर फागर मशीन से पानी का छिड़काव किया जाता है। इससे निकले पानी की सूक्ष्म बूंदों से वातावरण में नमी उत्पन्न होती है, जिसके कारण वातावरण में मौजूद धूल के कण नीचे आ जाते हैं। मौसम गर्मी का है लिहाजा पसीने से तरबतर लोगाें को नगर निगम का ये नया प्रयोग पसंद आ रहा है।
नगर निगम को नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम से मिलने वाले फंड से वाटर फागर मशीन खरीदी गई है। जिसकी कीमत करीब 66 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। नगर निगम के प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संभव अयाची ने बताया कि शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने ये मशीनरी वाहन खरीदा गया है। निगमायुक्त के निर्देश पर इसे प्रमुख चौराहों पर दोपहर में चलाया जा रहा है। मंगलवार को ब्लूम चौक, तीन पत्ती, मालवीय चौक में दो-दो घंटे मशीन चलाई। इसी तरह अन्य चौराहों पर भी रोजाना दोपहर में ये मशीन चलाई जाएगी। नागरिक भी इसे पसंद कर रहे हैं।
8 हजार लीटर है पानी की क्षमता, आधुनिक पानी को सूक्ष्म कणों में परिवर्तित कर देती है जो हवा में फैले प्रदूषण को हवा में ही सोख लेते हैं। भीड़ वाले इलाकों में इस मशीन के उपयोग से लोगों को धूल और वाहनों से निकलने वाले धुएं से होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी