
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुंडी जमुनिया में जमीन के विवाद को लेकर एक खूनी झड़प की घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति और उसकी पत्नी पर उनके बहनोई, बहन और भांजा ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित सुरेंद्र चौधरी (37) और उनकी पत्नी वंदना चौधरी (30) निवासी डुंडी जमुनिया के खिलाफ उनके बहनोई संतोष चौधरी, बहन संतरा चौधरी और उनके पुत्र नितेश चौधरी ने जमीन को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान बहनोई संतोष, बहन संतरा और उनके बेटे नितेश ने कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।
इस हमले में सुरेंद्र और वंदना चौधरी के सिर और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित दंपती ने सिहोरा थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- अमरकंटक एक्सप्रेस में ₹10.47 लाख की चोरी का 3 घंटे में खुलासा, आईफोन लोकेशन से दबोचा गया आरोपी, पूरा माल बरामद