
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सतना जिले के कोठार-देवरा क्षेत्र में पत्थर तोड़ने वाले संयंत्रों और खनन गतिविधियों को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण, एनजीटी ने सख्त रुख अपनाया है।
अधिकरण ने स्पष्ट किया कि आबादी क्षेत्र, मंदिर तथा किसी नए अथवा सरकारी निर्माण से 500 मीटर के भीतर पत्थर तोड़ने का संयंत्र संचालित नहीं किया जा सकेगा। इस दायरे में संचालित संयंत्रों को बंद करना होगा।
अधिकरण की भोपाल स्थित केंद्रीय क्षेत्रीय पीठ के न्यायिक सदस्य न्यायमूर्ति एसके सिंह और विशेषज्ञ सदस्य सुधीर कुमार चतुर्वेदी ने नौ सितंबर को आदेश जारी किया। मामला मूल आवेदन क्रमांक 60/2024 से संबंधित है।
संयुक्त समिति की जांच में क्षेत्र में 14 पत्थर तोड़ने वाले संयंत्र मिले। इनमें एक पहले ही बंद था। शेष 13 में केवल सात के पास संचालन की वैध सहमति थी, जबकि छह के पास केवल स्थापना की सहमति थी अथवा वे बिना वैध संचालन अनुमति के चल रहे थे।
संयंत्रों के बीच औसत दूरी 100 मीटर से भी कम मिली। जांच में धूल नियंत्रण की व्यवस्था भी अपर्याप्त पाई गई। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने 12 संयंत्रों के विरुद्ध बंद करने और पर्यावरण क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की।
अधिकरण ने स्पष्ट किया कि पुरानी पर्यावरण मंजूरी के आधार पर खनन जारी नहीं रखा जा सकता। रीवा-सतना प्रशासन को संयुक्त सर्वेक्षण और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।