
जबलपुर। नेता, मंत्री,सांसद, विधायक भले ही गैस सबसिडी का मोह नहीं छोड़ पा रहे हों, लेकिन एक बुजुर्ग महिला ने राशन लेना छोड़ दिया। खाद्य विभाग अधिकारियों के सामने पहुंची 75 साल की कृष्णा बाई ने साफ कह दिया कि उसके पति की पेंशन इतनी मिलती है कि राशन लेने की जरूरत नहीं है।
रविनगर बस्ती में रहने वाली कृष्णा बाई से जब पूछा गया कि लोग बीपीएल राशन कार्ड कभी नहीं छोड़ते तो आप क्यों सरेंडर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मेरे पति आर्मी में राशन बांटने का काम ही करते थे।
बेटे-बहू जब घर से अलग हुए और पति की रिटायर होने के बाद मौत हो गई। अब 5 से 6 हजार की पेंशन से किराना, सब्जी सब खरीद सकती हूं इसलिए राशन की जरूरत नहीं है।
महिला ने आकर बीपीएल कार्ड सरेंडर किया है। इस तरह से कम ही लोग हैं, जो खुद आकर कार्ड सरेंडर करते हैं। संजय खरे, एएफओ खाद्य विभाग