नईदुनिया, जबलपुर(Jabalpur Mausam)। जबलपुर में उम्मीद है कि अक्टूबर माह के पहले सप्ताह से ही सर्दी का आगमन हो जाएगा। इस बार औसत से ज्यादा बारिश हुई। बारिश थमने के बाद अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 32.5 डिग्री पर पहुंच गया है जबकि न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर है। हवा का रुख भी उत्तर पश्चिम रहा।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, सीधी, रांची से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। इसी के साथ दक्षिण पूर्वी राजस्थान के ऊपर चकव्रातीय परिसंचरण भी बना हुआ है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ पूर्वाेत्तर दिशा पर केंद्रित है। इन तमाम मौसम प्रणालियों के प्रभाव से 21-22 सितंबर से एक बार फिर बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। विदित हो कि 22 सितंबर के बाद मानसून की उल्टी गिनती शुरू हो जाती है।
बहरहाल मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा गत वर्ष से आगे निकल गया है। अब तक बारिश का कुल आंकड़ा 1456.3 मिमी (57 इंच) के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है, जो गत वर्ष की तुलना से 99 मिमी(4 इंच) अधिक है। गत वर्ष आज तक बारिश का कुल आंकड़ा 1357.1 मिमी (53 इंच) था। यानी गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक बारिश दर्ज की जा रही है।