
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। देश की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत मुख्य रेलवे स्टेशन के बाहर रेल प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से रेलवे ने अपने इतिहास और वर्तमान के सफरनामे को तस्वीर और माडल के माध्यम से रखा, जिसे देखने के लिए न सिर्फ रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी यहां पहुंचे, बल्कि स्टेशन से गुजरने वाले हर यात्री ने इस प्रदर्शनी को देखा और फिर अपने मोबाइल में कैद भी किया। प्रदर्शनी का शुभारंभ पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता एवं पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा संध्या गुप्ता ने किया। इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक शोभन चौधुरी समेत सभी विभाग प्रमुख, मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर और मुख्यालय तथा जबलपुर मंडल के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल द्वारा जबलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक के बाहर बने कानकोर्स में प्रदर्शनी लगाई गई। पमरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा अमृतकाल का सफर-भारतीय रेल के साथ थीम पर प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। प्रदर्शनी में भारतीय रेल के स्वर्णिम युग के महत्वपूर्ण पहलुओं को दिखाया गया। इसमें नवनिर्मित आधुनिक एलएचबी कोच, आइसीएफ कोच के साथ एनएमजीएच कोच के माडल भी रखे गए। वहीं आधुनिक वैगन माडल के रूप में बीपीटीएन, बाक्सएनएचएम एवं बीसीएनएचएल वैगनों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी की महत्वपूर्ण झांकी में रेलवे के लोको इंजनों डब्लूएजी-9, डब्लूएजी-7 एवं डब्लूएजी-5 रखी गई है। प्रदर्शनी 23 सितंबर तक सुबह 10 से शाम 7 बजे तक लगाई जाएगी।
आज देर रात जाएगी तीर्थदर्शन ट्रेन
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत तिरुपति बालाजी के लिए विशेष ट्रेन शनिवार को रात प्लेटफार्म क्रमांक एक से 12 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। डिप्टी कलेक्टर सृष्टि प्रजापति ने बताया जिन लोगों के नाम यात्रा के लिए तय किए गए हैं। उनकी सूची तहसीलदार, नगरीय निकाय और जनपद कार्यालयों में चस्पा की गई हैं। इन यात्रियों को अपने साथ अपना मूल आधार कार्ड और कोरोना टीकाकरण की प्रमाण पत्र की छायाप्रति अनिवार्य रूप से रखना होगी। तीर्थ यात्रियों के लिए मंदिर दर्शन एवं यात्रा के समय मास्क लगाना अनिवार्य है। जिले से 325 लोगों का चयन इस यात्रा के लिए किया गया है। इनके अलावा 35 यात्रियों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की गई है। जो भी चयनित यात्री किन्हीं कारणोंवश यात्रा पर जाने की स्थिति में नहीं हैं, वो इसकी सूचना अनिवार्य रूप से अपने-अपने निकायों को तत्काल दे दें। ताकि प्रतीक्षा सूची में शामिल यात्रियों को समय पर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के लिए सूचित किया जा सके।