जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक पर भारत के विभाजन की विभीषिका दर्शाती चित्र प्रदर्शनी देख हर कोई ठिठकने को मजबूर है। 14 अगस्त को मुख्य रेलवे स्टेशन पर भारत के विभाजन की विभीषिका दिवस पर चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ जबलपुर के प्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोमल चंद जैन द्वारा किया गया। डीआरएम संजय विश्वास, अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्वरंजन की उपस्थिति में चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। स्वतंत्रता सेनानी कोमल चंद जैन ने आजादी के समय भारत के विभाजन के दौर में लाखों लोगों के पलायन को एक बड़ी त्रासदी बताते हुए आजादी की लड़ाई और विभाजन की विभीषिका का उल्लेख किया है। इस अवसर पर चित्र प्रदर्शनी को बड़ी संख्या में लोगों ने देख कर उसकी सराहना की। अपर मंडल रेल प्रबंधक अमितोज बल्लभ, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुरेंद्र विश्वकर्मा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिकी अभियंता मनीष कुमार पटेल, मंडल वाणिज्य प्रबंधक देवेश सोनी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज दुबे, अखिलेश नायक सहित बड़ी संख्या में रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
प्रधान डाकघर में प्रदर्शनी
प्रधान डाकघर में भी विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान वरिष्ठ पोस्टमास्टर डीसी गुप्ता, अधीक्षक रेल डाक सेवा विपिन कांत खरे, वरिष्ठ नागरिक रामानंद शर्मा आदि उपस्थित रहे।
आर्य समाज गोरखपुर में जन्माष्टमी पर चतुर्वेद शतकम यज्ञ 16 से
आर्य समाज गोरखपुर में जन्माष्टमी पर चतुर्वेद शतकम यज्ञ 16 से जबलपुर। आर्य समाज गोरखपुर में विविध वेद प्रचार कार्यक्रमों की श्रृंखला में 16 से 19 अगस्त 2022 तक जन्माष्टमी एवं श्रावणी उपाकर्म के अवसर पर चार दिवसीय चतुर्वेद शतकम यज्ञ आयोजित किया जा रहा है। जिसमें प्रवचनों हेतु वैदिक प्रवक्ता के रूप में डा पुनीत आर्य का मेरठ से आगमन हो रहा है। इस आयोजन में प्रतिदिन प्रात: 7.30 से 9.30 बजे तक चतुर्वेद शतकम यज्ञ होगा, जिसकी पूर्णाहुति 19 अगस्त को पंचकुंडीय महायज्ञ के रूप में होगी। यज्ञ के ब्रम्हा एवं भजनोपदेशक पुरोहित सतेंद्र शास्त्री रहेंगे। 16 से 18 अगस्त तक त्रिदिवसीय सायंकालीन सत्संग सायं 6.30 से रात्रि 8.00 तक आर्य समाज दयानंद भवन, नेपियर टाउन में आयोजित होंगे। प्रफुल्ल डावर, आशुतोष चंदेल, राजेन्द्र पटेल, प्रकाश सोनी, वेदामृत गारी, गणेश नेमा, कुसुम जिंदल, सुनीता हांडा, मीरा गायकवाड, प्रतिभा गिरधर आदि ने उपस्थिति का आग्रह किया है।