
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। क्रेडिट कार्ड का बैलेंस बाकी होने की बात कहकर साइबर ठगों ने एक युवती को फोन किया। अनजान नंबर देखकर युवती ने फोन काट दिया। लेकिन इसी दौरान अनजान नंबर से उसके मोबाइल पर भी भेजी गई पीडीएफ फाइल पर क्लिक कर दिया।
पीडीएफ फाइल के डानलोड करते ही युवती के फोन पर उसके साथ आई एपीके फाइल भी डानलोड हो गई और खाते से रुपये पार हो गए। जैन रेजीडेंसी निवासी रैना तामिया महाधिवक्ता कार्यालय में सहायक आयुक्त, लिटिगेशन एवं समन्वय के पद पर पदस्थ हैं। उनका बैंक आफ बड़ौदा की विजय नगर शाखा में खाता है और उन्होंने बैंक से क्रेडिट कार्ड ले रखा है।
कुछ समय पहले उनके मोबाइल पर एक काल आया। काल करने वाले ने बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड का कुछ बैलेंस बाकी है। इसके बाद वह रैना से व्यक्तिगत जानकारी मांगने लगा। शक होने पर रैना ने फोन काट दिया। फोन काटने के कुछ देर बाद उसी नंबर से उनके मोबाइल में इंटरनेट मीडिया पर एक पीडीएफ भेजी गई।
साइबर ठगी के तरीके से अनजान रैना ने पीडीएफ डाउनलोड कर ली। उसके साथ आई एपीके फाइल भी मोबाइल में डाउनलोड हो गई। इसके बाद साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड से एक लाख 10 हजार 67 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। ठगी का पता चलने पर रैना ने पुलिस से शिकायत की। गोहलपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बेटे ने मां को 'घसीटा' था, घटना की सच्चाई आई सामने, महिला ने कहा- मेरा बेटा अच्छा, उसे बदनाम किया गया