
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बालाघाट के कटंगी-तिरोड़ी रेलवे ट्रैक पर शनिवार को मालगाड़ी की चपेट में आने से दो वर्षीय बाघ शावक की मौत से बाघ कॉरिडोर की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। इसी तरह सीधी में जंगल से 32 किमी रेलवे लाइन गुजरती है, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए।
यहां 17 मार्च 2022 को मालगाड़ी की टक्कर से एक बाघिन की मौत हो चुकी है। सतना से चित्रकूट तक फोरलेन निर्माण में 36 से ज्यादा स्थानों पर अंडरपास, ओवरपास या कलवर्ट बनाने का प्रस्ताव अटका हुआ है। वहीं, सिवनी में देश के पहले इको फ्रेंडली हाईवे से वन्यजीव सुगमता से गुजर रहे हैं।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व को जोड़ने वाला कॉरिडोर नेशनल हाईवे 43 और बिलासपुर-कटनी रेलवे ट्रैक के कारण बाधित है। घुनघुटी क्षेत्र में प्रस्तावित कोयला खदानें भी इसे प्रभावित कर रही हैं।
बांधवगढ़ और सीधी के संजय धुबरी टाइगर रिजर्व के बीच से गुजरने वाली रेलवे लाइन और सड़कों से भी कॉरिडोर को नुकसान पहुंचा है। 2015 में वन विभाग और रेलवे के बीच ट्रैक के दोनों ओर फेंसिंग लगाने पर कई बार चर्चा हुई, लेकिन अमल नहीं हुआ। संजय टाइगर रिजर्व और छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व के बीच का बाघ गलियारा भी अनेक कारणों से बाधित है।
पन्ना टाइगर रिजर्व को उत्तर प्रदेश के रानीपुर टाइगर रिजर्व और पन्ना-बांधवगढ़-संजय टाइगर रिजर्व से जोड़ने वाले वन्यजीव कॉरिडोर पर विकास परियोजनाओं का असर पड़ रहा है। बरौंधा क्षेत्र में प्रस्तावित 1800 मेगावाट की परियोजना के लिए 511.91 हेक्टेयर वन भूमि के डायवर्जन की सैद्धांतिक मंजूरी की सिफारिश की गई है। इसमें करीब 1.32 लाख पेड़ों की कटाई प्रस्तावित है। मैहर में इसी कॉरिडोर के भीतर 266.302 हेक्टेयर राजस्व भूमि पर चूना पत्थर खनन का प्रस्ताव है। प्रभावों के आकलन के लिए स्थल परीक्षण समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है।
पेंच-कान्हा कॉरिडोर में मोहगांव से खवासा के बीच NH 44 पर 29 किमी का इको फ्रेंडली फोरलेन बना है। अक्टूबर 2021 में तैयार यह हाईवे टाइगर रिजर्व के बीच से गुजरने वाला देश का पहला साउंड व लाइट प्रूफ नेशनल हाईवे है। एनएचएआई ने करीब 950 करोड़ रुपये खर्च कर इसका निर्माण किया। इसके 3.5 किलोमीटर हिस्से में 14 एनिमल अंडरपास हैं। पानी निकासी के लिए बने 58 कलवर्ट में से 18 एनिमल क्रॉसिंग कलवर्ट हैं।
मिडघाट के सेंसिटिव जोन को लेकर रेलवे से चर्चा हुई है। बालाघाट के लिए संयुक्त सर्वे कराने को कहा गया है। वन विभाग की कमेटी रेल अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। घुनघुटी और सीधी के संजय धुबरी टाइगर रिजर्व से गुजरने वाले रेलवे ट्रैक की भी समीक्षा होगी। जिन-जिन स्थलों पर घटनाएं हुई हैं, वहां समीक्षा कर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. समिता राजौरा, पीसीसीएफ।