जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। राजा शंकरशाह, कुंवर रघुनाथशाह की बलिदान गाथा कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 'गोंडवानाकालीन एैतिहासिक धरोहरों' विषय पर चित्रकला व छायाचित्र प्रतियोगिता के आयोजन के बाद प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन लोकसभा मुख्य सचेतक सांसद राकेश सिंह व भाजपा प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने रानी दुर्गावती कला वीथिका में किया।
बलिदान को याद किया : इस अवसर पर सांसद राकेश सिंह ने कहा कि हमारे वीर बलिदानियों ने देश व अपनी मातृभूमि की रक्षा में अपना बलिदान दिया है और उनके इस बालिदान को याद करते हुए ही हम हमारे जबलपुर के गौरव राजा शंकरशाह रघुनाथशाह के बलिदान दिवस को मानने जा रहे हैं। दोनों वीरों से जुड़े संस्मरणों और उनकी गाथाओं को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राजा शंकरशाह रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस के अवसर पर हो रहे आयोजनों के क्रम में चित्रकला व छायाचित्र प्रदर्शनी के आयोजन अवसर पर दोनों विधाओं में विजेताओं का चयन वरिष्ठ चयनकर्ताओं द्वारा किया गया। जिसके तहत छायाचित्र प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मनुश्री मिश्रा, द्वितीय सचिन गोंटिया, तृतीय शुभम पाठक को चुना गया था। इसके साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर प्रियंका पचौरी, द्वितीय में मनोज विश्वकर्मा और तृतीय में शुभम राज अहिरवार का चयन किया गया है।
इन्हें मिला पुरस्कार : इसी के साथ चित्रकला के लिए सांत्वना पुरस्कार में अंजली राउत, दिव्य चौकसे, रेणु चौधरी, आयुष कुशवाहा, आकांक्षा प्रधान शामिल रहे। साथ ही छायाचित्र में सुगन जाट, राजेश्वर राव, मेहुल यादव, शुभमराज अहिरवार, सागर की कलाकृति का चयन सांत्वना पुरुस्कारों हेतु किया गया। चयनित कृतियों में दोनों विधाओं में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 11 हजार व तृतीय 51 सौ रुपये विजेताओं को दिए जाएंगे। पुरस्कार वितरण 16 सितंबर को शाम 4 बजे बलिदान स्थल मालगोदाम चौक में किया जाएगा।
चित्रकला व छायाचित्र प्रतियोगिता में निर्णायक राजेश दुबे, डा. अरुणा, विनीत यादव, नितिन पोपट, डा. दिलीप कटियार, उमेश ठाकुर ने विजेताओं का चयन किया। कार्यक्रम में शैलजा सुल्लेरे, आयुषी राउत व मुकुल यादव ने सहयोग किया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष रानू तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित्रा वाल्मीकि, कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अशोक रोहणी, सुशील तिवारी इंदु, कार्यक्रम प्रभारी डl. जितेंद्र जामदार, राममूर्ति मिश्रा, पंकज दुबे, रत्नेश सोनकर व अन्य सदस्य मौजूद रहे।