
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शादी के नाम पर एक युवक से रकम ऐंठने के लिए तीन शातिर लोगों ने जाल बिछाया। पहले से शादीशुदा महिला को अविवाहित बताकर उसका युवक के साथ विवाह करा दिया। विवाह के कुछ दिनों बाद ही जब महिला ने घर से भागने का प्रयास किया तो उस पर संदेह गहराया। पूछताछ में उसने शादीशुदा होने के साथ ही गर्भवती होने का पता चला। मामले में माढ़ोताल पुलिस ने जांच के बाद महिला सहित चार आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज किया है।
सूरताई के विजय निवास कालोनी निवासी रोशन विश्वकर्मा (40) अविवाहित था। वह अपने लिए सभ्य-सुशील पत्नी की तलाश कर रहा था। इसी सिलसिले में वह अपने स्वजन के साथ जगन्नाथपुरी गया था। वहां उसकी मुलाकात शादी-विवाह कराने वाले प्रवीण राठ से हुई। प्रवीण ने कुछ लड़कियों की मोबाइल पर तस्वीरें दिखाईं, लेकिन वहां रिश्ता तय नहीं हुआ।
जबलपुर लौटने के बाद प्रवीण ने फोन पर रोशन की बातचीत सविता राठ, उसकी मौसी ममता महीर और मामी झांसी कुमारी से कराई। तीनों ने सविता को अविवाहित बताया और कहा कि उसकी मां का निधन हो चुका है। इसके बाद रोशन के स्वजन ने सविता से विवाह के लिए सहमति दे दी। इसके बाद 31 जुलाई को उनका विवाह होना तय हुआ था।
30 जुलाई की रात प्रवीण, सविता, ममता और झांसी जबलपुर पहुंचे। अगले दिन 31 जुलाई को सूरतलाई में पंडित नारायण विलोहा ने हिंदू रीति-रिवाज से रोशन और सविता का विवाह कराया। विवाह में सविता को सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल दी गई। इसके बाद रोशन के स्वजन ने प्रवीण, ममता और झांसी को एक लाख रुपये नकद दिए। इसके अलावा 35 हजार रुपये प्रवीण के खाते में ऑनलाइन एवं 3500 रुपये रेल किराए के लिए अलग से भेजे गए।
शादी के दिन रात में घर जाने का बोलकर प्रवीण, ममता और झांसी कुमारी बस से रायपुर के लिए निकल गए।
पूछताछ में सविता ने पहले से शादीशुदा होने के साथ ही स्वयं के गर्भवती होने की जानकारी दी। उसने यह भी बताया कि पैसों की जरूरत के चलते प्रवीण, ममता और झांसी ने उसे रुपये देने का लालच दिया था, जिसके बाद उसने विवाह के लिए सहमति दी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपित सविता कलसई, प्रवीण राठ, ममता महीर और झांसी कुमारी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों के आेडिशा के ठिकाने का पता लगाया जा रहा है।