
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रथम सेमेस्टर परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
शासन के अकादमिक कैलेंडर के अनुरूप परीक्षाएं कराने के लिए कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने परीक्षा एवं गोपनीय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, प्रश्नपत्र तैयार करने और समय-सारिणी जारी करने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 में प्रवेशित बीए-बीएड, बीएससी-बीएड, बीएएलएलबी, एलएलबी, एलएलएम, बीबीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के नियमित, भूतपूर्व और एटीकेटी परीक्षार्थियों के लिए आवेदन कार्यक्रम जारी किया है।
एमए, एमएसडब्ल्यू, एमएससी और एमकॉम प्रथम सेमेस्टर के नियमित, एटीकेटी, भूतपूर्व एवं एनईपी परीक्षार्थी भी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन एमपी ऑनलाइन के माध्यम से भरे जाएंगे।
विश्वविद्यालय में करीब एक दशक बाद प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए पूरे प्रशासनिक अमले ने समन्वित प्रयास किए हैं। यह पहल शासन के अकादमिक कैलेंडर का पालन करने और परीक्षा व्यवस्था को समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रभावी कदम साबित होगी।
प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलगुरु, रादुवि
यह भी पढ़ें- दो माह पहले ही दमोह पदस्थ हुए थे वाणिज्य कर अधिकारी, जबलपुर लोकायुक्त ने खंगाले बैंक खाते