
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-कटनी रेलमार्ग पर देवरी–गोसलपुर रेलवे स्टेशनों के बीच समपार फाटक क्रमांक 326 पर रेलपथ की ओवरहॉलिंग के चलते 13 से 22 अक्टूबर तक सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
मंगलवार सुबह आठ बजे से गुरुवार शाम पांच बजे तक अप और डाउन रोड पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रेलपथ के अनुरक्षण और संरक्षा के लिए यह कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। राहगीर समपार फाटक क्रमांक 327, कुशनेर (पिपरिया) और देवरी स्टेशन के एलएचएस क्रमांक 325 से आवागमन कर सकेंगे।
मुख्य रेलवे स्टेशन के पास रक्षा लेखा नियंत्रक कार्यालय के आडिटर का मोबाइल बाइक सवार लुटेरे छीनकर भाग गए। घटना रविवार की रात करीब 10:30 बजे मुख्य स्टेशन के प्लेटफार्म छह की ओर बाहर रेलवे स्कूल के पास हुई। रिज रोड लेखा नगर निवासी भीमा ओसवाल (36) रक्षा लेखा नियंत्रक कार्यालय में आडिटर हैं।
रेलवे स्कूल के पास रुककर मोबाइल से ट्रेन की सीट की आनलाइन जानकारी देख रहे थे, तभी बिना नंबर की काली रंग की मोटरसाइकिल पर दो युवक पीछे से आए। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और दोनों तेजी से भाग निकले। सिविल लाइंस पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है।