
Jabalpur Crime : जबलपुर,नईदुनिया प्रतिनिधि। रेलवे में पदस्थ एक ट्रैकमैन से शनिवार रात तीन लोगों ने मारपीट कर दी। उसे जातिगत रूप से अपमानित भी किया। मामले में देर रात भेड़ाघाट पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। आरोपितों ने यह भी धमकी दी कि यदि जल्द रुपए नहीं मिले, तो वे उसे जान से खत्म कर देंगे।
पुलिस ने बताया कि ग्राम आमाहिनौता निवासी इन्द्रजीत गोटियां रेलवे में ट्रैकमैन है। उसने गांव के ही सरजू पटेल से एक साल पूर्व एक लाख रुपये उधार लिया था। उसने धीरे-धीरे कर रुपये लौटाने की बात कही थी। शनिवार को इन्द्रजीत शहपुरा भिटौनी में ट्नेन से सेक्शन इंजीनियर से मिलने गया। वह वहां से लौट रहा था। तभी ग्राम भीटा के पास उसे सरजू और उसके दो साथियों ने रोका। सरजू ने रुपयों की मांग की। इन्द्रजीत ने जल्द रकम लौटाने की बात कही, तो सरजू उग्र हो गया और जातिगत रूप से उसे अपमानित कर मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने यह भी धमकी दी कि यदि जल्द रुपए नहीं मिले, तो वे उसे जान से खत्म कर देंगे।
परियट नदी के पास रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। खमरिया पुलिस ने शव का पीएम करवाते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पहचान वीरनेर खमरिया निवासी कोमल सिंह मरावी (54) के रूप में की गई है। मामले की जांच की जा रही है।