जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। जबलपुर समेत कटनी, मुडवारा, मैहर, मदनमहल स्टेशन में यात्रियों की सुविधा का जायजा लेने के बाद गुरुवार को रेल यात्री सेवा समिति ने जबलपुर रेल मंडल के डीआरएम और अन्य आला रेल अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान समिति के चेयरमेन रमेशचंद्र रत्न ने कहा कि स्टेशनों के निरीक्षण एवं रेल यात्रियों से की गई पूछताछ के बाद यह देखा है कि जबलपुर रेल मंडल में यात्रियों को उनकी सुखद यात्रा के लिए आवश्यकता की अनुरूप सभी सुविधाएं मौजूद हैं। बैठक के दौरान समिति के सदस्य राम किशन, गंगा धर तालुपुले, यतीन्द्र सिंह भी मौजूद थे।
बैठक में डीआरएम संजय विश्वास ने समिति के अध्यक्ष सहित सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मंडल द्वारा यात्रियों के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्व रंजन ने पावर पॉइंट के माध्यम से मंडल के कार्यो की बताया।
समिति के चेयरमैन ने मंडल में यात्रियों के लिए स्वच्छता, खाद्य सामग्री, प्लेटफार्म कवर शेड, पेयजल, विद्युत एवं स्टेशन की सुन्दरता की प्रशंसा करते हुए जबलपुर स्टेशन को एक श्रेष्ठ स्टेशन बताया। इससे पूर्व उन्होंने अधारताल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और यहां पर यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने का निर्देश दिया। वहीं बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, अमितोज बल्लभ, विश्व रंजन, पुलिस अधीक्षक रेल विनायक वर्मा, डा मधुर वर्मा, अभिराम खरे, जेपीसिंह, राम बदन मिश्रा, देवेश सोनी, पंकज दुबे मौजूद रहे।