
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश से भाजपा की राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मीक ने अपनी जान को खतरा होने का संदेह जताया है। दरअसल शुक्रवार रात जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने उनके वाहन को टक्कर मार दी थी।
घटनाक्रम में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन वे और उनका स्टाफ दहशत में आ गया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को फोन कर घटना की सूचना दी, लेकिन सुनसान सड़क पर करीब 20 मिनट इंतजार के बाद पुलिसकर्मी पहुंचे।
सुमित्रा बाल्मीक ने बताया कि सफेद रंग की कार ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी थी। वाहन चालक या तो नशे में था या फिर जानबूझकर टक्कर मारी है, घटना के बाद वह कार लेकर फरार हो गया।
अब तक पता नहीं चला। उन्हें अंदेशा है कि उनकी जान लेने के इरादे से गाड़ी में टक्कर मारी गई है। उन्हें अंदेशा है कि उनकी जान लेने के इरादे से यह टक्कर मारी गई है।
सुमित्रा बाल्मीक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने रात दो बजे रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा कि गोकलपुर क्षेत्र में नशाखोरी और अपराध बढ़ा है। पुलिस जनप्रतिनिधि के साथ हुए हादसे में इतनी देर से पहुंची। जाहिर है कि कोई सामान्य व्यक्ति घायल होता तो इलाज मिलने से पहले ही मर जाता।