
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सोशल मीडिया पर रील के जरिए साइबर ठगों ने पुराने सिक्कों के कलेक्शन का झांसा देकर रिटायर्ड एमईएस कर्मचारी से 53 हजार 200 रुपये ठग लिए।
वीएफजे गंगा मैया निवासी धन सिंह (67) पुराने सिक्कों का कलेक्शन रखते हैं। कुछ दिनों पहले वे मोबाइल पर रील देख रहे थे। इसी दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर ओल्ड क्वाइन मुंबई डील नाम का पेज दिखाई दिया। पेज पर पुराने सिक्कों के बदले 29 लाख 80 हजार रुपये देने का विज्ञापन था।
धन सिंह ने विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क किया। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राजज्ञानी बताया। सिक्का लेने की प्रक्रिया बताई और प्रोसेसिंग फीस सहित अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग रकम जमा कराई।
इस तरह धन सिंह से कुल 53 हजार 200 रुपये ले लिए गए। रकम मिलने के बाद आरोपित ने संपर्क बंद कर दिया। कई बार फोन करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें ठगी का अंदेशा हुआ। रांझी थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।