
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र के राइट टाउन स्थित एनएमटी के किनारे बनी दीवार पर सोमवार सुबह आपत्तिजनक लेखन का मामला सामने आया। दीवार पर लिखे कमेंट को लेकर सुबह से ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर रहा। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत नगर निगम को इसकी सूचना दी। विवाद बढ़ने से पहले लेखन को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई, ताकि क्षेत्र में किसी तरह का तनाव न फैले।
नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और दीवार पर लिखे लेखन को पहले सफेदा पोतकर ढंका गया। बाद में लाल रंग से पुताई कर उसे पूरी तरह छिपा दिया गया। इस तरह समय रहते विवादित लेखन को हटवा दिया गया।
पुलिस अब इस हरकत को अंजाम देने वालों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दीवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी किसने और कब लिखी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।