
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मरीजों की परेशानी को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान सात विशेषज्ञ चिकित्सक ओपीडी समय में अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल से अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सिविल सर्जन कार्यालय से सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय पर ओपीडी में उपस्थित होकर मरीजों का परीक्षण करना अपेक्षित था, पर अनुपस्थिति के कारण बड़ी संख्या में मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
इससे अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हुई है और यह दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है।
सभी चिकित्सकों को प्रतिदिन निर्धारित समय से अस्पताल में उपस्थित रहकर कार्य करने हेतु निर्देशित किया जा चुका था। इसके बावजूद पुन: लापरवाही बरती गई। पूर्व में भी कई बार कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कार्य व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ है।
सिविल सर्जन डाॅ. नवीन कोठारी ने सभी चिकित्सकों को निर्देशित किया है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए। इस संबंध में अपना संतोषजनक लिखित स्पष्टीकरण एक कार्यदिवस के भीतर प्रस्तुत करें।
निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्राप्त न होने अथवा असंतोषजनक पाए जाने पर नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मदनमहल की पहाड़ियों पर प्राकृतिक धरोहर बैलेंसिंग राॅक के संरक्षण की मांग हाई कोर्ट पहुंची