शहपुरा (भिटौनी)। हाल ही में हुए नगरीय निकायों के वार्डों के आरक्षण में शहपुरा नगर पंचायत के 15 वार्डों में से 8 वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं दूसरी ओर वार्डों के आरक्षण से चार पार्षद अब नगरीय निकाय का अगला चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।
महिलाओं के लिए ये वार्ड आरक्षित
वार्ड 4 संत रैदास वार्ड को अनुसूचित जाति (महिला) के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा वार्ड 5 श्यामाप्रसाद, वार्ड 6 चन्द्रशेखर आजाद, वार्ड 7 भगत सिंह, वार्ड 10 स्वामी विवेकानंद वार्ड, वार्ड 12 महात्मा गांधी, वार्ड 13 पं. दीनदयाल पिछड़ा वर्ग महिला के लिए और वार्ड 14 रानी दुर्गावती वार्ड सामान्य महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
वार्ड 1 लाल बहादुर आदिवासी पुरुष, वार्ड 2 डॉ. राजेन्द्रप्रसाद वार्ड पुरुष सामान्य, वार्ड 3 जवाहरलाल नेहरू पिछड़ा वर्ग, वार्ड 8 सुभाषचंद्र वार्ड पुरुष सामान्य, वार्ड 9 मुंशी प्रेमचंद वार्ड सामान्य पुरुष, वार्ड 11 जयप्रकाश नारायण पुरुष सामान्य और वार्ड 15 डॉ. भीमराव अम्बेडकर वार्ड अनुसूचित जाति पुरुष के लिए आरक्षित किए गए हैं।
ये नहीं बन सकेंगे पार्षद
वार्ड 10 को महिला के लिए आरक्षित किया गया है। वर्तमान पार्षद गजेन्द्र सिंह सेंगर पार्षद का चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। इसी प्रकार वार्ड 13 भी पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित होने से पार्षद संजय जैन प्रभावित हुए हैं। वे भी पार्षद का आगामी चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। वार्ड 14 भी सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने से पार्षद पुष्पेन्द्र सिंह और वार्ड 6 महिला के लिए आरक्षित होने से पार्षद प्रवीण जैन भी अपने वार्ड से दोबारा पार्षद नहीं बन पाएंगे।