Jabalpur News: जबलपुर, नई दुनिया प्रतिनिधि। गांव से शहर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम मची है। जन्माष्टमी को लेकर बाजार में दुकानें सज गई हैं। लोगों ने श्रीकृष्ण की झांकी के लिए मिठाइयों की खरीदारी शुरू कर दी है।
यादव महासभा ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर शोभायात्रा चल समारोह का आयोजन 7 दिसतम्बर 2023 को दोपहर 12.00 बजे से किया है। जिसका शुभारंभ तीनपत्ती बस स्टैंड से किया जाएगा। सर्वप्रथम भगवान श्रीकृष्ण का पूजन अर्चन कर भैया सरकार (दादा गुरू) के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली। मंचासीन अतिथियों का पगड़ी बंधन किया जाएगा। शोभायात्रा चल समारोह में जीवंत झांकी में माखन चरित्र, पूतना वध, गोवर्धन पर्वत, घटोत्कज, चन्द्रयान-3 की झाँकी, प्रकृति प्रेम शिवरूप वृक्ष, राधाकृष्ण लीला, कृष्ण बलराम चरित्र, कृष्ण सुदामा चरित्र, जेसीबी में विराजमान हनुमान, कृष्ण गोपी लीला, झूले में लड्डू गोपाल, गौरा पार्वती की प्रतिमा, गौ माता कृष्ण, राधा कृष्ण जी की प्रतिमा, अहीर नृत्य की टोली, अखाड़े, शेला वोली टीम, ढोल, बैण्ड, धमाल की टीम आदि शोभायात्रा चल समारोह में सम्मिलित होगी। शोभा यात्रा मुख्य बस स्टैंड से प्रारंभ होकर मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, सराफा, हनुमानताल, समाप्त होगी।
चौकीताल लम्हेटाघाट रोड पर स्थित इस्कान मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का गरिमामय आयोजन होगा। दो दिवसीय कार्यक्रम में रात्रि 12 बजे तक वृंदावन से आए भक्तों द्वारा भक्तिरस महोत्सव व संगीतमय संकीर्तन, श्रीकृष्ण लीला नाटक मंचन, 56 प्रकार के द्रव्यों एवं पुष्पों के द्वारा महाभिषेक, महाआरती आदि भक्तिमय कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस्कान मंदिर में नंदोत्सव व श्रीलाप्रभुपाद व्यास पूजा, सांस्कृतिक संध्या व भंडारा प्रसादम आदि कार्यक्रम होंगे। इस्कान मंदिर समिति के चेयरमैन कैलाश गुप्ता, अध्यक्ष अदितिपुत्र व डा. सिद्धार्थ सिंह, महेश केमतानी,, गणेश पुरोहित, आशीष कोठारी, श्याम सोहाने, प्रवीण अग्रहरि व अन्य सदस्यों ने नगर के सभी नागरिकों से कार्यक्रम में सम्मलित होने का अनुरोध किया है।
जीवन में कुशलता समावेश होता है। यह उद्गार स्वामी अशोकनंद ने व्यक्त किए। वे दादा ईश्वरदास रोहाणी सेवा समिति के तत्वावधान में छठ पूजा मैदान, कंचनपुर, अधारताल में श्रीकृष्ण महिमा कथा की व्यासपीठ से बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कृष्ण कथा का उद्देश्य विश्व कल्याण और समाज कल्याण है। सभी को शांति और आरोग्यता प्राप्त हो, यही मूल कामना है। दादा ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति इस कथा से जुड़ी है। वे हमेशा से ही समाज कल्याण के लिए सेवा भाव से कार्य करते रहे हैं। कथा के बाद कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर दामोदर सोनी, गुड्डा केवट, आशीष राव, संजय वर्मा, सोनू बचवानी, रिक्की यादव, निशांत झरिया, संतोषी ठाकुर, सावित्री शाह, अनुराग दाहिया, कृष्णा दास चौधरी, संदीप राठौर, प्रसन्न उपाध्याय, सोना वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
माता गुजरी महिला महाविद्यालय में किसी ने राधा की वेशभूषा धारण की तो, कोई माखनचोर कृष्ण बनकर आई। अवसर था, माता गुजरी महिला महाविद्यालय स्वशासी में शिक्षक दिवस पर जन्माष्टमी पर्व का। जिसमें छात्राओं ने रंग-बिरंगी वेशभूषा धारण कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कृष्ण भजनो पर नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति दी गई। साथ ही मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। राधा-कृष्ण की वेशभूषा में छात्राएं सजकर आईं। प्रतियोगिता में विजयी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। शिक्षकों एवं छात्राओं के बीच गेम्स भी खेले गए। शिक्षक दिवस पर छात्राओं ने शिक्षिकाओं का सम्मान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय प्राचार्या डा संगीत झांब, रजिस्ट्रार शाइस्ता सिद्दकी, यशमीत कौर, पारुल अवस्थी का योगदान रहा। नृत्य, फैंसी ड्रेस एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता की तैयारी में छात्रा नंदना तिवारी, मुस्कान पटेल, शफक अंसारी, अंशवी, समीक्षा, मानसी, प्रियंका आदि का योगदान रहा।