
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिंहस्थ महापर्व 2028 में पुलिस ड्यूटी की तैयारियों के तहत पीटीएस छठवीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल जबलपुर में 246 महिला नव आरक्षकों के लिए एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 23 से 28 नवंबर तक चले प्रशिक्षण में महापर्व की व्यवस्थाओं, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं से व्यवहार संबंधी जानकारी दी गई।
सेनानी सिद्धार्थ चौधरी (भापुसे) के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में स्नान घाटों की व्यवस्था, अखाड़ों की जानकारी, आगंतुकों की सुरक्षा और विपरीत परिस्थितियों में ड्यूटी करने के तरीके समझाए गए। साथ ही प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय बनाने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण में सेवानिवृत्त डीआईजी मनोहर सिंह वर्मा, एएसपी अंजना तिवारी, सेवानिवृत्त डीएसपी अखिल वर्मा, एसआई अंशुल नारंग और बीडीडीएस टीम ने भी प्रशिक्षण दिया। अनुभवी अधिकारियों ने मैदानी अनुभव के आधार पर महिला आरक्षकों को महापर्व के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक गुर सिखाए।