नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: ट्रेनों में काकरोच की तरह अब सांप निकल रहे है। सोमवार एक बार फिर एक ट्रेन में सांप देखा गया। घटना आसनसोल-सीएसएमटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12361) की है। ट्रेन कटनी-जबलपुर के बीच दौड़ रही थी तभी एक स्लीपर कोच में यात्रियों को सांप नजर आया। यात्री दहशत में आ गए, उस कंपार्टमेंट को खाली कर दिया।
जबलपुर पहुंचने पर जांच की गई। तब तक सांप कहीं छिप गया। सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित कोच को सील कर दिया गया। उसके यात्रियों को नए जोड़े गए एक डिब्बे में बैठाया गया। उसके बाद ट्रेन मुंबई के लिए प्रस्थान की। हाल ही में ट्रेन में सांप निकलने की कुछ और घटनाएं भी हुई है। निरंतर घटना ने यात्रियों को चिंता में डाल दिया है।
ट्रेन के एस-4 कोच में प्रयागराज से मुंबई की यात्रा के लिए एक परिवार सवार हुआ। इस परिवार के सदस्य मुंबई निवासी ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि उनकी कोच में बर्थ 67, 69 और 70 थी। कटनी से ट्रेन शाम को लगभग साढ़े पांच बजे छूटी। उसके लगभग आधा घंटे बाद बाद बर्थ 65 और 66 के आसपास हलचल महसूस हुई।
देखा तो फोन चार्जिंग प्वाइंट के पास एक सांप रेंग रहा था। आसपास की बर्थ पर बैठे यात्रियों को तुरंत नीचे उतरने कहा। आसपास के कंपार्टमेंट के यात्रियों को सतर्क किया। रेल सहायता नंबर पर सूचना दी। चलती ट्रेन में एसी कोच के अटेंडेंट ने आकर देखा, लेकिन तब तक सांप गायब हो गया।
यात्रियों की सूचना पर ट्रेन के जबलपुर पहुंचने से पहले मुख्य स्टेशन के प्लेटफार्म-एक पर रेल और आरपीएफ कर्मियों का दल पहुंच गया। शाम को पौने सात बजे ट्रेन के पहुंचने पर संबंधित कोच की जांच की गई। काफी देकर तक चली जांच के बाद भी सांप नहीं मिला। सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित कोच को सील कर दिया।
उसे काटकर आखिरी में जोड़ा गया। इसकी जगह पर एक नया कोच ट्रेन में जोड़ा गया, जिसमें एस-4 कोच के यात्रियों को स्थानांतिरत किया गया। इस दौरान ट्रेन लगभग पौने दो घंटे तक जबलपुर में खड़ी रही। रात को साढ़े आठ बजे मुंबई के लिए रवाना हुई।
इससे पूर्व जबलपुर से संचालित होने वाली तीन ट्रेनों में सांप देखे जाने की घटनाएं हुई है। 22 सितंबर को जबलपुर से मुंबई जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस के जी-17 कोच में भुसावल-कसारा स्टेशन के पास सांप निकला था। 25 सितंबर बो अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस के एसी कोच में सीट के नीचे सांप बैठा दिखा था। 17 नवंबर को रानी कमलापति-जबलपुर जनशताब्दी एक्सप्रेस के सी-वन कोच में नरसिंहपुर-जबलपुर के बीच सांप निकलने की घटना हुई थी।
आसनसोल-मुंबई ट्रेन में यात्रियों ने सांप देखने की सूचना दी थी। तत्परता के साथ जांच कराई गई। जबलपुर स्टेशन में रोक-कर ट्रेन की पूरी छानबीन की गई। सांप मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखकर संबंधित कोच को लाक कर दिया है। उसकी जगह नया कोच लगाया गया है। मुख्यालय पहुंचने पर कोच की फिर से जांच होगी।
हर्षित श्रीवास्तव, मुख्य जनंसपर्क अधिकारी, पश्चिम मध्य रेल