जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि । स्थानीय रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनें पहले से ही लेट चल रही हैं। तो अब जबलपुर आकर अपनी यात्रा खत्म करने वाली ट्रेनें भी देरी से आ रही हैं, जिससे यात्री खासे नाराज हैं। शक्तिपुंज एक्सप्रेस और अंबिकापुर इंटरसिटी ऐसी मुख्य ट्रेनें हैं, जो रफ्तार घटने के कारण अपने तय समय से चार से छह घंटे देरी से जबलपुर आ रही हैं।
शक्तिपुंज, अंबिकापुर इंटरसिटी, रीवा इंटरसिटी समेत ऐसी कई ट्रेनें हैं, जिसमें सफर करने वाले यात्री जबलपुर आकर यहां से दूसरी कनेक्टिंग ट्रेनें पकड़ते हैं। इन ट्रेनों को अपने निर्धारित समय पर जबलपुर स्टेशन आना चाहिए, लेकिन ये चार से छह घंटे लेट पहुंच रही हैं। इससे लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों की जबलपुर से मिलने वाली कनेक्टिंग ट्रेनें छूट रही हैं। जबकि रेलवे ने अभियान चलाकर यात्री ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए अनेक कदम उठाए। इनका असर ट्रेनों के समय पर नहीं दिखा, उल्टे यात्रियों ने परेशान होकर नाराजगी बयां करना शुरू कर दिया है। कभी ट्रेनों में सफर करके रेलवे कंपलेंट बुक में शिकायत दर्ज की, तो कभी स्टेशन पर हंगामा, प्रदर्शन करके विरोध दर्ज कराया।
दोपहर की ट्रेन रात 8.15 बजे आई
शक्तिपुंज एक्सप्रेस दोपहर 2.20 पर जबलपुर आती है। इस ट्रेन आने वाले यात्री, भोपाल जाने श्रीधाम, भोपाल इंटरसिटी और मुंबई जाने गरीब रथ पकड़ते हैं, लेकिन शक्तिपुंज कभी शाम छह बजे पहुंच रही है तो कभी रात आठ बजे, जिससे यात्रियों की ट्रेन आए दिन छूट रही है।
किराया वापस करने को लेकर हंगामा
समय पर जबलपुर न आने वाली शक्तिपुंज और अंबिकापुर के यात्रियों का विरोध बढ़ता जा रहा है। दो दिन पूर्व भी स्टेशन पर ट्रेन ले आने के बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। शक्तिपुंज को दोपहर 2.20 पर आना था, लेकिन ट्रेन रात 8.15 पर जबलपुर आई। इससे मुंबई जाने वाली यात्रियों की गरीब रथ ट्रेन छूट गई। तब यात्रियों ने स्टेशन के डिप्टी एसएस कार्यालय के सामने जमकर हंगामा किया। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी को मामला संभालना पड़ा।
जबलपुर आने वाली शंक्तिपुंज ट्रेन 11448
आने का समय- दोपहर 2.20 बजे
रविवार- शाम 5 बजे आई
शनिवार-रात 8.15 बजे आई
शुक्रवार- शाम 5 बजे आई
गुरुवार- शाम 6.40 बजे आई
जबलपुर आने वाली अंबिकापुर इंटरसिटी 11266
आने का समय-दोपहर 2.40 बजे, आई शाम 6 बजे
इन ट्रेनों के लेटलतीफी से परेशान
1 - अमरकंटक एक्सप्रेस 12854- लेट- एक घंटे 40 मिनट
आने का समय- रात 9.20 बजे, आई- रात 11 बजे
2. गोदान एक्सप्रेस-11056 - लेट एक घंटे 24 मिनट
आने का समय- रात 10.50 बजे, आई- रात 12.14 बजे
3. पटना-एलटीटी- 82355- लेट एक घंटे
आने का समय- रात 11.40 बजे, आई 12.40 बजे