
Jabalpur News : नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर को सीधे मुंबई से जोड़ने वाली स्पाइस जेट अपनी विमान सेवा को इस रूट पर बंद कर रहा है। मार्च में ही स्पाइस जेट ने मुंबई जबलपुर मुंबई के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की थी। यही साप्ताहिक उड़ान प्रत्येक शनिवार को आती-जाती थी। लेकिन इस शनिवार को इसका फेयर 20 से 25 हजार रुपये तक पहुंच गया, जिस कारण इस विमान से यात्रा करने वाले फ्लायर्स को दूसरे संसाधनों से मुंबई रवाना होना पड़ा। स्पाइस द्वारा एक अप्रेल से इस रूट के लिए शेड्यूल भी जारी नहीं किया गया है, जिसके चलते फ्लायर्स में परेशान हैं।
स्पाइस जेट का विमान सुबह 11 बजकर 40 मिनिट पर प्रत्येक शनिवार को मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरकर, दोपहर एक बजकर 50 मिनिट पर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंच रहा था। वहीं आधे घंटे यहां रूकने के बाद विमान दोपहर दो बजकर 20 मिनिट पर उड़ान भरकर चार बजकर 20 मिनिट पर मुंबई एयरपोर्ट पहुंच रहा था। शनिवार को इस विमान ने उड़ान भरी।
स्पाइस जेट ने इस साप्ताहिक उड़ान को शुरू तो किया था, लेकिन अब महज 23 और 30 अप्रेल को ही इस विमान का शेड्यूल जारी किया गया है। एक अप्रेल से इस रूट पर कोई भी फ्लाइट नजर नहीं आ रही है। जानकारी के अनुसार फ्लायर्स द्वारा 20 से 30 दिन पहले तक विमानों में बुकिंग कराई जाती है, लेकिन शेडयूल जारी न होने से वे भी परेशानी में है।