
Jabalpur News : नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सरकारी विभागों में भर्ती से लेकर प्रमुख शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए होने वाली पात्रता परीक्षा अब आनलाइन होने लगी है। लेकिन परीक्षा के आयोजन के लिए सरकारी संस्थानों में कम्प्यूटरों की आधुनिक लैब की कमी है। यह कमी को दूर करने के लिए अब कर्मचारी चयन मंडल ने पहल की है। जबलपुर सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों में आनलाइन परीक्षा केंद्र की स्थापना की योजना बनाई है। निजी भागीदारी से इन आनलाइन परीक्षा केंद्रों काे बनाया जाएगा। जबलपुर में आनलाइन परीक्षा केंद्र बनाने के लिए कर्मचारी चयन मंडल ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से जमीन मांगी है। इस प्रस्ताव पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने विचार-विमर्श प्रारंभ कर दिया है।
कर्मचारी चयन मंडल ने आनलाइन परीक्षा केंद्र के लिए प्रारंभिक रूप से 10 हजार वर्गफीट जगह मांगी है। यह कोई बड़ा हाल या लैब हो सकता है। संबंधित स्थान पर मंडल की ओर से तीन सौ कंप्यूटर की लैब स्थापित की जाएगी। परीक्षा से संबंधित आनलाइन व्यवस्था के लिए अन्य संसाधनों को जुटाया जाएगा। स्थान के एवज में मंडल की ओर से विश्वविद्यालय को प्रतिमाह एक निर्धारित किराया राशि का भुगतान किया जाएगा।
राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी और कर्मचारी चयन मंडल की आनलाइन परीक्षाओं के लिए अभी शहर में कई निजी संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया जाता है। इसमें अधिकार निजी संस्थान शहर के बाहरी भागों में स्थित है। इन परीक्षा केंद्रों की दूरी अधिक होने के कारण बाहर से आने वाले परीक्षार्थी परेशान होते है। परिवहन साधनों की समस्या से भी जूझना पड़ता है। विश्वविद्यालय शहर के बीच में होने से यह केंद्र सुविधाजनक होगा।
जबलपुर, महाकोशल के साथ ही विंध्य, बुंदेलखंड के अलावा नर्मदापुरम के कुछ जिलों से सीधा जुड़ा है। कई प्रमुख परीक्षा, जिनमें प्रदेश में गिने-चुने जगह ही परीक्षा केंद्र होते है, उसमें जबलपुर का नाम सम्मिलित है। आसपास के 15 से ज्यादा जिलों के लिए लोगों के जबलपुर तक आवाजाही सरल और परिवहन की सतत सुविधा है। अभी आनलाइन परीक्षा के आयोजन के लिए राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी और कर्मचारी चयन मंडल निजी संस्थानों पर निर्भर है।
कर्मचारी चयन मंडल की ओर से कप्यूटर लैब बनाने के संबंध पत्र प्राप्त हुआ है। इसकी संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।- डा. दीपेश मिश्रा, कुलसचिव, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय