
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रदेश के अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थानों में काम कर रहे शिक्षकों को थर्ड प्रमोशन का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने मध्यप्रदेश सरकार की एसएलपी खारिज करते हुए हाई कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों को थर्ड प्रमोशन का लाभ देने के निर्देश दिए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट के जज दीपांकर दत्ता और जज शील नागू की दो जजों की बेंच ने राज्य सरकार की चुनौती को नहीं माना। इसके साथ ही हाई कोर्ट का आदेश बरकरार रह गया है।
मामला तिलक विद्यालय कटनी के शिक्षक एसपी मिश्रा की याचिका से जुड़ा है। याचिका में कहा गया था कि राज्य सरकार के शिक्षकों को थर्ड प्रमोशन का लाभ दिया जा रहा है, जबकि अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थाओं में काम कर रहे शिक्षकों को इससे वंचित रखा जा रहा है।
इस मामले में हाई कोर्ट ने छह मई 2026 को शिक्षकों के पक्ष में फैसला सुनाया था। राज्य सरकार ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। अब एसएलपी खारिज होने से हाई कोर्ट का फैसला बरकरार है और अनुदान प्राप्त संस्थाओं के शिक्षकों को थर्ड प्रमोशन का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
शिक्षकों की ओर से वकील मनन अग्रवाल और शुभम मिश्रा ने पक्ष रखा।